SP सिद्धार्थ बहुगुणा ने वृद्धा की पूरी बात सुनी, जांच कर कार्रवाई के दिए निर्देश
जबलपुर. सास-बहू का झगड़ा अचानक पुलिस कंट्रोल रूम पहुंच गया। वृद्धा सीधे पुलिस अधीक्षक से मिल कर फरियाद करने पहुंच गई। ऐसा सुन कर जरूरी बैठक को छोड़ कर SP सिद्धार्थ बहुगुणा फौरन बाहर आए और वृद्धा की पूरी बात सुनी। फिर उन्हें भोजन कराया और स्टॉफ से घर पहुंचवाया। साथ ही उन्होंने सास-बहू की काउंसिलिंग कराने तथा जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया।,
बताया जाता है कि गोहलपुर थाना क्षेत्र निवासी वृद्धा के पति खमरिया फैक्ट्री में कार्यरत थे, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। पति की मौत के बाद वृद्धा को मिलने वाली पेंशन से ही घर का खर्च चलता है। इकलौता बेटा व बहू पेंशन की रकम से जीवन यापन करते हैं। बावजूद इसके वृद्धा को प्रताड़ित करते हैं, अन्यथा कोई मां अपने बेटे-बहू की शिकायत करने भला पुलिस के पास क्यों जाती। प्रताड़ना का कयास इसी से लगा सकते हैं कि शिकायत करते वक्त उसके बोल नहीं फूट रहे थे। फिर भी कंपकंपाते होंठो से वृद्धा ने बताया कि बहू उसके साथ मारपीट करती है। बहू के भाई भी घर पहुंचकर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। वृद्ध मां बोली बेटा बहू से डरता है इसलिए वह कुछ नहीं बोलता। वृद्धा ने कहा कि बेटे की शादी से पहले उसका जीवन अच्छे से बीत रहा था लेकिन जब से बहू आई है घर की सुख शांति खत्म हो गई है। उसे मजबूर होकर बेटियों के घर जाकर रहना पड़ता है।
वृद्धा के साथ आई उसकी बेटी ने कहा कि भाई व भाभी पेंशन की राशि हड़प लेते हैं लेकिन जब सेवा की बारी आती है तो मां के साथ मारपीट करते हैं। दोनों ने मां की जिंदगी नरक बना दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ओमती थाना प्रभारी एसपीएस बघेल ने वृद्धा को भोजन कराया तथा पुलिस वाहन से घर पहुंचाया। गोहलपुर पुलिस ने उसकी बहू व बेटे को समझाया भी और उन्हें नियम-कानून का पाठ भी पढ़ाया। बताया कि वृद्ध मां को परेशान करने पर उन्हें दंडित किया जा सकता है, जिसके बाद बहू ने लिखित में आश्वासन दिया कि वह सास को कभी प्रताड़ित नहीं करेगी।