इंदौर से छात्र ने ईमेल में भेजी जबलपुर पुलिस को भेजी शिकायत
जबलपुर। शहर के नामी तकनीकी शिक्षण संस्थान से इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाला एक छात्र ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हो गया। मामला डुमना स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फोरमेशन टेक्नोलॉजी के छात्र के साथ हुई ठगी का है। इस छात्र को किसी ठग ने बैंक मैनेजर बनकर फोन किया। बातों ही बातों में ठग ने छात्र से एटीएम का सारा ब्योरा पूछ लिया। इसके कुछ देर बाद ही छात्र के एकाउंट से ठग ने रुपए निकाल लिए। मामले की शिकायत इंदौर में बैठे छात्र ईमले से जबलपुर पुलिस को की। पुलिस ने ईमेल पर मिली शिकायत पर प्रकरण दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
इलाहबाद बैंक में एकाउंट
पुलिस के अनुसार अजय कुमार ट्रिपलआईटीडीएम में बीटेक का छात्र है। उसका इलाहबाद बैंक में एकाउंट है। 29 अगस्त को छात्र के पास फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक का मैनेजर बताया। छात्र, फर्जी मैनेजर के झांसे में आ गया। उसकी बातों पर भरोसा कर लिया। छात्र ने बैंक एकाउंट और एटीएम की गोपनीय जानकारी ठग को बता दी। इसके बाद आरोपित ने छात्र के एकाउंट से आठ हजार रुपए उड़ा लिए। छात्र के पास रुपए निकालने का मैसेज आया, जिसके बाद वह समझ गया कि उसके साथ ठगी हुई है।
जानकारी अपडेट करने का बोला
पुलिस के अनुसार छात्र को फोन करने वाले फर्जी बैंक मैनेजर ने कहा कि उसकी बैंक डिटेल अपडेट करना है। इसके बाद मैनेजर ने छात्र से एटीएम का नंबर और पिनकोड पूछ लिया।
ईमेल से एफआईआर
पुलिस के अनुसार ठगी के शिकार होने के बाद छात्र ने रांझी सीएसपी को ईमेल किया। इस ईमेल के साथ धोखाधड़ी की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने ई-मेल और शिकायत की जांच की। जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। मोबाइल नंबर के जरिए पुलिस ठग की लोकेशन का पता लगा रही है।
हैरानी वाली बात
फर्जी बैंक कॉलेज से एटीएम और ऑनलाइन फ्रॉड की घटनाएं लगातार हो रही है। बैकिंग संस्थाओं द्वारा कई बार फर्जी बैंक कॉल और एटीएम फ्रॉड को लेकर अलर्ट जारी किया जा चुका है। अमूमन अधिकांश एटीएम फ्रॉड की घटनाएं बैंक उपभोक्ता को झांसा देकर उससे एटीएम का नंबर और कोड पूछकर हो रही है। उसके बाद ट्रिपलआईटी के छात्र ने ठग को फोन पर ही एटीएम की गोपनीय जानकारी दे दी।