जबलपुर

painful story: इधर हो रही थी बहन की शादी, उधर भाई ने दे दी जान

बहन की डोली से पहले उठा भाई का जनाजा, छलक पड़ी आंखें, मातम में बदलीं निकाह की खुशियां
2 min read
painful story
बहन की डोली से पहले उठा भाई का जनाजा, छलक पड़ी आंखें

जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के मदारछल्ला में एक घर में उत्सव का माहौल था। शहनाईयों की धुन के बीच बेटी का निकाह पढ़ा गया। नई नवेली दुल्हन को डोली पर विदा करने की तैयारियों का दौर चल रहा था। यह सब खुशी पल भर में मातम में बदल गई, जब पता चला कि दुल्हन के भाई ने फंदे से फांसी लगा ली। लोग कुछ कर पाते तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घर से बहन की डोली की जगह भाई का जनाजा निकला। यह देखकर सभी की आंखें छलक पड़ीं। मोहल्ले का माहौल गमगीन हो गया।

अचानक हुआ गायब
हनुमानताल थाना प्रभारी प्रफुल्ल श्रीवास्तव ने बताया कि मदारछल्ला निवासी रेहान (26) की बहन रूबीना का शुक्रवार को निकाह था। चार खम्भा स्थित बारातघर में विवाह समारोह भी चल रहा था। घर के सभी लोग समारोह स्थल पर थे। बारात आई। निकाह पढ़ा गया। परिवार के सभी सदस्य रूबीना की विदाई की तैयारियां कर रहे थे। इस बीच दुल्हन का भाई रेहान अचानक गायब हो गया। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन कोई पता नहीं चल रहा था। करीब 2.30 बजे खबर पहुंची कि रेहान बारातघर से घर पहुंचा और फंदे से लटक गया। परिजन दौड़ते हुए पहुंचे, तो रेहान फंदे पर लटका मिला।

आंखों में बस आंसू
रेहान को फंदे पर झूलता देख लोगों ने उसे उतारने का प्रयास किया, लेकिन इस वक्त तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। इस खबर के बाद घर में कोहराम मच गया। सारी खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। परिजनों की सूचना पर शनिवार सुबह सात बजे हनुमानताल थाने की पुलिस रेहान के घर पहुंची। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। दोपहर बाद बहन की डोली की जगह घर से भाई का जनाजा निकला। यह दृश्य देखकर सभी की आंखें नम हो गईं।

एक साल पहले हुई थी शादी
पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला है कि रेहान का विवाह एक साल पहले तस्लीम बानो से हुआ था। विवाह के बाद से दोनों में विवाद होने लगा था। इसके बाद तस्लीम मायके में रहने लगी थी। रेहान की बहन के विवाह के चलते वह कुछ दिनों के लिए ससुराल आई थी। पुलिस विभिन्न कोणों से मामले की जांच कर रही है।

Published on:
14 Apr 2018 09:41 pm