जबलपुर

राष्ट्रपति कोविंद का जबलपुर दौरा प्रस्तावित, मार्च में इन तारीखों पर होगा आगमन

राष्ट्रपति कोविंद का जबलपुर दौरा प्रस्तावित, मार्च में इन तारीखों पर होगा आगमन

1 minute read
Feb 13, 2021
राष्ट्रपति कोविंद

जबलपुर। देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दो दिवसीय जबलपुर प्रवास को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उन्हें ठहराने के लिए स्थानों का चयन किया जा रहा है। राष्ट्रपति सेना के हेड क्वार्टर मध्यभारत एरिया के इंस्पेक्शन बंगले में ठहर सकते हैं। इसके लिए जिला प्रशासन ने सैन्य प्रशासन को पत्र लिखकर इंस्पेक्शन बंगले की मांग की है। विकल्प के तौर पर सर्किट हाउस सहित कुछ अन्य स्थानों का भी चयन किया जा रहा है।

छह और सात मार्च को प्रस्तावित है जबलपुर दौरा
राष्ट्रपति सेना के इंस्पेक्शन बंगले में ठहर सकते हैं, सर्किट हाउस में भी तैयारी पूरी

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का 6 और 7 मार्च को जबलपुर दौरा प्रस्तावित है। राष्ट्रपति छह मार्च को न्यायिक एकेडमी के मानस भवन में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। अगले दिन सात मार्च को दमोह जाएंगे। वहां सिंगौरगढ़ किला सहित पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की आधारशिला रखेंगे। हालांकि फाइनल कार्यक्रम आना शेष है। राष्ट्रपति के काफिले के लिए अलग से तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम में उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के साथ अन्य न्यायाधीश भी आ सकते हैं। उनके लिए भी वाहनों की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन 150 लग्जरी वाहन जुटा रहा है। इसके लिए जल्द ही टेंडर जारी होंगे।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
राष्ट्रपति की सुरक्षा सबसे उच्चतम होती है। इसलिए जिला प्रशासन पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर रूपरेखा बना रहा है। राष्ट्रपति जिस भी रूट से गुजरेंगे, वहां कई स्तर की सुरक्षा होगी। डुमना विमानतल, सडक़ मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

राष्ट्रपति के जबलपुर दौरे को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उनके ठहरने के लिए इंस्पेक्शन बंगला आवंटित करने के लिए सैन्य प्रशासन को पत्र लिखा है। सर्किट हाउस में भी तैयारियां की जा रही हैं।
- कर्मवीर शर्मा, कलेक्टर

Published on:
13 Feb 2021 12:05 pm
Also Read
View All