
जबलपुर। ट्रेनों में यात्रियों के बढ़ते दबाव को देखते हुए रेलवे ने कुछ खास निर्णय लिए हैं। इसके तहत दीपावली और छट पूजा पर्व के मद्देनजर जहां पटना से क्षत्रपति शिवार्जी टर्मिनल, मुंबई तक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है, वहीं कोटा से जबलपुर के बीच एक ट्रिप के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने के निर्णय पर भी मुहर लग गई है। रेलवे ने जबलपुर से रवाना होने वाली तीन टे्रनों में स्पेशल कोच लगाने की भी तैयारी कर ली है। रेलवे की इस पहल से हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।
साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन
बताया गया है कि दीपावली और छट पर्व के मद्देनजर रेल प्रशासन पटना और क्षत्रपति शिवार्जी टर्मिनल मुंबई के बीच सप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने जा रहा है। यह ट्रेन जबलपुर समेत पमरे के कई स्टेशनों से होकर गुजरेगी। छत्रपति शिवाजी टर्मिनल से पटना जाने वाली गाड़ी संख्या 02053 दो नवंबर से 16 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। वहीं पटना से छत्रपति शिवाजी टर्मिनल जाने वाली गाड़ी संख्या 02054 तीन नवंबर से 17 नवंबर तक चलेगी। इसमें एक वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी, एक वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 14 द्वितीय श्रेणी शयनयान, दो सामान्य श्रेणी एवं दो एसएलआर सहित कुल 20 कोच होंगें। छत्रपति शिवाजी टर्मिनल से पटना जाने वाली यह ट्रेन सुबह चार बजकर 50 मिनिट पर जबलपुर पहुंचेगी। यहां से वह पांच बजे पटना के लिए रवाना होगी। वहीं पटना की ओर से आने वाली यह ट्रेन दोपहर एक बजे जबलपुर पहुंगी। यहां दस मिनिट रूकने के बाद वह एक बजकर दस मिनिट पर क्षत्रपति शिवाजी टर्मिनल के लिए रवाना होगी। इसके अलावा यह ट्रेन पश्चिम मध्य रेल के इटारसी, कटनी और सतना रेलवे स्टेशनों पर भी रूकेगी।
कोटा से जबलपुर ट्रिप
कोटा से जबलपुर आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कोटा से जबलपुर के बीच एक कोटा जबलपुर स्पेशल टे्रन चलाने का निर्णय लिया है। यह टे्रन एक ट्रिप के लिए चलाई जाएगी। जानकारी के अनुसार इसका गाड़ी संख्या क्रमांक 09805 होगा। यह 18 अक्टूबर को चलेगी। इसमें एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, तीन वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, छह द्वितीय श्रेणी शयनयान, छह सामान्य श्रेणी एवं दो एसएलआर सहित कुल 18 कोच होंगें। यह टे्रन कोटा से शाम साढ़े चार बजे रवाना होगी। जो सुबह साढ़े पांच बजे जबलपुर पहुंचेगी।
इन तीन ट्रेनों में अतिरिक्त कोच
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने जबलपुर से रवाना होने वाली तीन टे्रनों में बुधवार को स्पेशल कोच लगाने का निर्णय किया। जबलपुर-रीवा शटल में एक वातानुकूलित कुर्सीयान, जबलपुर छत्रपति शिवाजी टर्मिनल में एक वातानूकूलित तृतीय श्रेणी व हबीबगंज रीवा एक्सप्रेस में एक द्वितीय श्रेणी का शयनयान कोच लगाया जाएगा। रेलवे के अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।