जबलपुर

Rain Alert : शहर में दो घंटे में पौने दो इंच बारिश, जारी रहेगा मानसून का असर

Rain Alert : शहर में दो घंटे में पौने दो इंच बारिश, जारी रहेगा मानसून का असर, मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिन और बारिश का मजबूत सिस्टम सक्रिय रहेगा।

2 min read
Jul 28, 2024
Rain Alert

Rain Alert : तगड़े मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने से बारिश का क्रम जारी है। शनिवार तड़के भी सावन के बादल मेहरबान हुए। सुबह दो घंटे तक झमाझम बारिश से शहर तरबतर हो गया। पौने दो इंच बारिश से जनजीवन भी प्रभावित हुआ। गढ़ा, गुलौआ, रतन नगर कॉलोनी, रानीताल सहित कई इलाकों में जलप्लावन हो गया। हद तो यह हो गई कि भंवरताल उद्यान के मुख्य गेट के सामने की सड़क ‘तालाब’ बन गई। कुछ लोगों ने निगम में शिकायत दर्ज कराई, तो जेसीबी मौके पर पहुंची। लेकिन, पानी निकालने का उसे कोई रास्ता नहीं सूझा। मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिन और बारिश का मजबूत सिस्टम सक्रिय रहेगा। इस सीजन में वर्षा का आंकड़ा 578.2 मिमी (20.77 इंच ) पहुंच गया। अधिकतम तापमान शनिवार को 31.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक था। रात का न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री दर्ज किया गया।

rain alert

अलर्ट बेअसर, निचले इलाकों में जमे हैं लोग

गौर, परियट, टेमर समेत अन्य नदियां, नाले ऊफान पर हैं, नर्मदा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। कैचमेंट एरिया में हो रही बारिश के कारण बरगी डैम का जलस्तर भी बढ़ रहा है। इसे सुरक्षित सीमा तक बनाए रखने के लिए डैम के गेट सोमवार को खोले जा सकते हैं। निचले इलाकों व नर्मदा के तटवर्ती क्षेत्रों से दूर रहने अलर्ट जारी किया गया है। लेकिन, देर रात नर्मदा तटों का नजारा चौकाने वाला था। तिलवाराघाट में देर रात पूजन सामग्री की दुकान नर्मदा के प्रवाह क्षेत्र के बिल्कुल करीब तक लगी थीं। अलर्ट के बावजूद पूजन सामग्री विक्रेताओं ने दुकान नहीं हटाईं। प्रशासन ने भी तटों की सुध नहीं लीं। बरगी डैम का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। वर्तमान जल स्तर 417.65 मी.तक पहुंच गया है। डैम के कैचमेँट एरिया में 48 घंटे में 46 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है। रविवार शाम तक जल स्तर 418 मीटर तक पहुंच जाएगा।

तीन दिन तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर कई मौसम प्रणालियां एक्टिव हैं। एक लो प्रेशर एरिया साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में एक्टिव है। एक अन्य साइक्लोनिक सर्कुलेशन उत्तरी गुजरात में है। यह मानसून ट्रफ के साथ संलग्न हो गया है। मानसून द्रोणिका बीकानेर, सीकर, ग्वालियर, खजुराहो, रांची, दीघा से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। ट्रफ लाइन मप्र से गुजर रही है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी से बारिश का अनुमान है।

Updated on:
28 Jul 2024 03:13 pm
Published on:
28 Jul 2024 03:12 pm
Also Read
View All

अगली खबर