
जबलपुर. हवा के रुख में आई तब्दीली संग मौसम ने भी पलटी मारी है। हालांकि मौसम विज्ञानियों का मानना है कि अब 25 जनवरी के बाद फिर से मौसम करवट लेगा। रविवार की रात न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई और पारा 11.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, अधिकतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है।
बता दें कि शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस था। लेकिन उसके बाद से तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। शनिवार रात तक तापमान तीन डिग्री और रविवार रात में करीब छह डिग्री का उछाल आ चुका है। इन्हीं दिनों में गत वर्ष न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस था। रविवार को अधिकतम पारा 26.6 डिग्री तक पहुंचा था। इसकी वजह पूर्वी हवा बताई जा रही है। सुबह कमजोर धूप, दोपहर तक तीखी हो चुकी थी। सोमवार सुबह आर्द्रता 70 प्रतिशत दर्ज हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र तिवारी के अनुसार हिमालय से आ रही उत्तरी हवाओं को पूर्वी हवाएं रोक रही हैं। इस कारण ठंड से निजात मिली है। अभी दो से तीन दिन इसी तरह पारा ऊपर की ओर जाएगा। 22 जनवरी के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका प्रभाव कम होने के बाद 24 जनवरी से जबलपुर में एक बार फिर ठंड अपना असर दिखा सकती है।