मझगवां थानांतर्गत खम्हरिया गांव की घटना, एक की हालत गंभीर
जबलपुर/सिहोरा। सिहोरा-मझगवां मार्ग पर फर्राटा भर रहे सीमेंट से लदे ट्रक के अचानक चलते हुए सामने के पहिए निकल गए। अनियंत्रित ट्रक सड़क पर लहराने लगा। बुधवार की शाम को अचानक हुए इस हादसे में सामने से आ रहे बाइक सवार सीधे ट्रक से टकरा गए। बेलगाम ट्रक की चपेट में आयी बाइक बुरी तरह से चकनाचूर हो गई। वहीं, बाइक सवार युवक भी टक्कर लगने से घायल हो गए। इसमें बाइक सहित ट्रक के नीचे आ गए एक युवक को गंभीर चोटे आयी है। जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रक जब्त करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
घूघरी का है घायल युवक
पुलिस के अनुसार ग्राम घूघरी निवासी आकाश पटेल (23) और अंकित पटेल (20) दोपहर 3 बजे बाइक से सिहोरा आ रहे थे। दोनों खम्हरिया गांव पहुचे थे, तभी सिहोरा तरफ से आ रहे सीमेंट लदे ट्रक क्रमांक एमपी 19 एचए 2012 के सामने के दोनों पहिए निकल गए। जिससे ट्रक अनियंत्रित हो गया। बाइक सवार कुछ समझ पाते इसके पहले ट्रक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में दोनों युवक बाइक सहित ट्रक के नीचे घुस गए।
एक घंटे तक ट्रक में फंसे रहे घायल
पुलिस के अनुसार ट्रक के चक्के निकलते ही वह अनियंत्रित हो गया। रफ्तार तेज होने के कारण ट्रक बिना चक्के के सड़क पर काफी दूर तक चला गया। इस दौरान अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में बाइक फिसलकर बिल्कुल ट्रक के नीचे चली गई। उसमें सवार युवक भी बाइक के साथ ट्रक की चपेट में आ गए। दुर्घटना के बाद करीब एक घंटे तक घायल युवक ट्रक में फंस रहे। जिन्हें स्थानीय लोगों ने की मदद से बड़ी मुश्किल से ट्रक के कलपुर्जे काटकर बाहर निकाला गया।
दूसरे युवक के पैरों में चोट
पुलिस के अनुसार हादसे की खबर मिलने ही आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बाहर निकाला गया। अंकित के सिर में गम्भीर चोटें थीं और खून बह रहा था। आकाश के दोनों पैर फ्रेक्चर हो गए। घायलों को एम्बुलेंस से जबलपुर रेफर किया गया। घटना के बाद ट्रक का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।