भारत सरकार के कानून एवं न्याय मंत्रालय ने अधिसूचना जारी की...।
जबलपुर। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ( Madhya Pradesh High Court ) के न्यायाधीश संजय यादव मुख्य न्यायाधीश ( chief justice ) होंगे। संजय यादव ( sanjay Yadav ) 30 सितंबर को पद ग्रहण करेंगे। वर्तमान मुख्य न्यायाधीश अजय कुमार मित्तल के सेवानिवृत्ति होने पर उनका स्थान लेंगे। भारत सरकार के कानून एवं न्याय मंत्रालय के संयुक्त सचिव रजिंदर कश्यप की ओर से अधिसूचना जारी कर संजय यादव को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त कर दिया गया है।
26 जून 1959 को जन्मे संजय यादव हाईकोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश हैं। उन्हें दो मार्च 2007 को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। 15 जनवरी 2010 को स्थायी न्यायाधीश बनाए गए। संजय यादव 6 अक्टूबर से दो नवंबर 2019 तक मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश पद की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
जबलपुर से शुरू की थी वकालत
संजय यादव जबलपुर में ही वकालत कर चुके हैं। अर्थशास्त्र से पोस्ट ग्रेजुएट करने के बाद विधि में स्नातक की उपाधि हासिल कर वे जबलपुर में ही वकालत करने लगे थे। 25 अगस्त 1986 को वे मध्यप्रदेश स्टेट बार कौंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए थे। सिविल, संवैधानिक और राजस्व मामलों के अधिवक्ता के रूप में उन्होंने अपनी पहचान बनाई। वे मध्य प्रदेश शासन के उप महाधिवक्ता के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।