-सीसीटीवी में संदिग्धों की पूरी करतूत कैद, संजीवनी नगर थाने में फुटेज के साथ दी शिकायत
जबलपुर। संजीवनी नगर में कछपुरा ब्रिज के पास रहने वाले एक घर में गुरुवार की रात कुछ संदिग्धों द्वारा रेकी करने का मामला सामने आया है। संदिग्ध दो पहिया वाहनों से पहुंचे थे। उनके द्वारा बाइक की लाइट जलाकर मकान के चारों तरफ की वीडियोग्राफी व फोटो लिए गए। उस समय घर में वृद्ध दंपती ही मौजूद थे, जो बीमारी के चलते दवा खाकर सो रहे थे। संदिग्धों की पूरी करतूत घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सुबह परिवार के बेटे ने सीसीटीवी फुटेज देखे तो पूरा परिवार सन्न रह गया। परिवार के लोग डकैती की आशंका से हलाकान होकर थाने पहुंचे और फुटेज के साथ शिकायत दी।
पुलिस के अनुसार 80 वर्षीय एचपी सिन्हा ने शिकायत दी है कि वह 78 वर्षीय पत्नी के साथ घर में अक्सर अकेले रहते हैं। उनका बेटा पेशे से व्यवसायी हैं, जिसके चलते अक्सर शहर से बाहर रहना होता है। गुरुवार को वे दवा खाकर सो गए थे। सुबह उठकर सीसीटीवी फुटेज देखा तो पता चला कि रात 9.16 बजे के लगभग कुछ लोग दरवाजे का लॉक तोडकऱ उनके परिसर में प्रवेश किया। आरोपी में कुछ बाइक से थे, जो लाइट से रोशनी कर रहे थे। संदिग्ध मोबाइल से फोटो व वीडियो बना रहा था। सुबह पड़ोसियों से मालुम चला कि पांच-छह की संख्या में कुछ लोग उनके घर के पास खड़े थे और कुछ अंदर गए थे। उन्हें लगा कि कोई जान-पहचान का आया होगा।
पूर्व में हो चुकी है इस मोहल्ले में डकैती-
परिवार सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद से ही दहशत में है। रेलवे लाइन के नजदीक होने और पूर्व में 13 नवम्बर 2016 को अधिवक्ता हर्षवर्धन शुक्ला के घर डकैती की वारदात हो चुकी है। आज तक पुलिस इसका खुलासा नहीं कर पायी। संजीवनी नगर टीआई भूमेश्वरी चौहान ने बताया कि शिकायत मिली है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास चल रहे हैं।