जबलपुर

भाजयुमो नेता को थाने में जानवरों की तरह पीटा, कंधा टूटा, पुलिस ने लगाया बदसलूकी का आरोप

BJYM - एमपी में भारतीय जनता युवा मोर्चा भाजयुमो के एक नेता की थाने में बुरी तरह पिटाई की गई।

2 min read
Apr 27, 2025
Tilwara police beat up BJP Yuva Morcha Mandal Minister Pawan Sharma in Jabalpur

BJYM - एमपी में भारतीय जनता युवा मोर्चा भाजयुमो के एक नेता की थाने में बुरी तरह पिटाई की गई। प्रदेश के जबलपुर में वाहन चेकिंग के दौरान विवाद हो गया। भाजयुमो नेता का आरोप है कि इसके बाद उसे थाने ले गए जहां काफी देर तक मारपीट की और फिर यहां से निकाल दिया गया। युवक का कंधा टूट गया और पीठ में भी गंभीर चोटें आईं। भाजयुमो नेता ने दूसरे थाने में जाकर पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने युवक पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। अब जबलपुर भाजयुमो ने एसपी व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष शिकायत करने की बात कही है।

भाजयुमो मंडल मंत्री पवन शर्मा ने शहर की तिलवारा पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इससे उनका कंधा टूट गया है। हाथ और पीठ पर भी गंभीर चोटें आई हैं। पवन शर्मा ने विजय नगर थाने में जाकर मामले की शिकायत की। इधर तिलवारा थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा ने पवन से मारपीट के आरोपों को नकार दिया है।

संगम कॉलोनी निवासी पवन शर्मा के मुताबिक शनिवार की रात वे अपने दोस्त के साथ तिलवारा घाट जा रहे थे। रास्ते में पुलिस ने वाहन चेकिंग के लिए उन्हें रोका। पवन ने अपना परिचय देते हुए पुलिस को चालान बनाने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि परिचय देने के बाद भी पुलिस विवाद करने लगे और उन्हें थाने ले गए जहां बुरी तरह मारपीट की।

घायल पवन का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया

मारपीट से घायल हुए पवन शर्मा किसी तरह विजयनगर थाने पहुंचे। यहां उन्होंने तिलवारा थाने के पुलिसकर्मियों की शिकायत दर्ज कराई। विजयनगर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पंवार ने घायल पवन का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया।

आरोपों को तिलवारा थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा ने नकार दिया

पवन शर्मा के आरोपों को तिलवारा थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा ने नकार दिया है। उन्होंने बताया कि पवन शर्मा तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहे थे। पुलिस ने रोका तो बदतमीजी करते हुए वीडियो बनाने लगे। इस बीच भाजयुमो के नगर अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने कहा कि पवन के साथ बर्बरता से मारपीट की गई है। हम एसपी से मुलाकात कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।

Updated on:
27 Apr 2025 03:59 pm
Published on:
27 Apr 2025 03:57 pm
Also Read
View All

अगली खबर