जबलपुर

#weather: सर्द हवा से गिरा दिन का तापमान, बढ़ेगी सर्दी

फिर बदला मौसम, बादलों के चलते बारिश के आसार  

less than 1 minute read
Feb 22, 2024
patrika

जबलपुर। शहर में उत्तर भारत से आ रही तेज हवा व पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। गुरुवार को आसमान पर बादल छाए रहे। 7 किमी की रफ्तार से चली उत्तर-पश्चिमी हवा के चलते दिन का तापमान खासा नीचे गिरा। तेज हवा चलने से ठंड महसूस हुई। मौसम विभाग ने 24 फरवरी से फिर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत दिए हैं। 25-26 फरवरी को जबलपुर सहित संभाग के सभी जिलों में बारिश हो सकती है। अगले चौबीस घण्टों में जबलपुर जिले का मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। बादल और तेज हवा के चलते शुक्रवार को बूंदाबांदी हो सकती है।

चक्रवाती हवा से आ रही नमी
मौसम विभाग के अनुसार एक चक्रवातीय परिसंचरण उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर सक्रिय है। इससे जबलपुर सहित पूर्व मध्य प्रदेश में नमी आ रही है। 24 फरवरी की रात से अगले पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। दिन के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।

पारे ने लगाया गोता
शहर में गुरुवार को तेज हवा व बादलों के चलते दिन व रात का तापमान गिरा। दिन का अधिकतम तापमान बुधवार को 30.7 डिग्री था। यह गुरुवार को 2.3 डिग्री नीचे गिरकर 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा। रात के न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री की कमी हुई। न्यूनतम तापमान बुधवार को 19 डिग्री था, यह गुरुवार को 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट होने के आसार हैं।

Published on:
22 Feb 2024 07:50 pm
Also Read
View All