weather update : थमी गर्मी की रफ्तार, आज बारिश का अलर्ट
जबलपुर. अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय छह मौसम प्रणालियों के प्रभाव से मौसम बदल गया है। पिछले 24 घंटे में सम्भाग के जिलों में बारिश-आंधी का असर दिखा। सोमवार को जबलपुर में सुबह से बादलों की लुकाछिपी चलती रही। तेज उत्तरी हवा के चलते तापमान में बढ़ोतरी नहीं हुई। इसके बावजूद दोपहर में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी जबलपुर सहित सम्भाग के जिलों में बादल छाने के साथ बारिश, आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं।
15 मई तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान
अरब सागर, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में पाकिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना है। एक द्रोणिका भी सम्बद्ध है। दक्षिणी राजस्थान एवं हरियाणा पर भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना है। मध्य प्रदेश से लेकर केरल तक एक द्रोणिका बनी है। जबलपुर सम्भाग में 14-15 मई तक कहीं-कहीं वर्षा होने के साथ ही ओलावृष्टि और बिजली गिरने, चमकने की स्थिति बने रहने का अनुमान है।