जबलपुर

मध्यप्रदेश में सारे रिकॉर्ड तोड़ रही गर्मी, मौसम विभाग ने जारी किया लू का अलर्ट

जबलपुर में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया
2 min read
May 28, 2019
weather
weather update,weather news,weather report,HeaT WAVE,heat wave in summer,weather news mp,

जबलपुर. नौतपा में गर्मी के तेवर और तल्ख हो गए हैं। शहर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर में खुले आसमान के नीचे थोड़ी देर भी ठहर पाना मुश्किल था। सड़क के किनारे पेड़ों की छांव में लगे पानी के स्टॉल या जूस की दुकानों पर पर लोगों ने गला तर कर राहत महसूस की।

शुष्क हो चुके मौसम में धूप की असर से गर्मी दिनों दिन बढ़ रही है। मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप के कारण गर्मी ने बेचैन किया। हवा दिशा उत्तर पश्चिमी हुई लेकिन औसत रफ्तार महज 4 किमी प्रति घंटा होने के कारण गर्मी से राहत नहीं मिली। मंद हवा और शुष्क मौसम में पारे में .3 डिग्री की उछाल हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, एक दिन पहले अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस था।

रात दो बजे के बाद कम हो रहा तापमान
सुबह की आद्र्रता 27 और शाम की आद्र्रता 16 प्रतिशत रही। आद्र्रता यानि नमी कम होने रात में तापमान कम होने की रफ्तार काफी धीमी है। कूलर की हवा में सोने वाले लोगों को भी पसीना आ रहा है। रात दो बजे के बाद तापमान कुछ कम हो रहा है तो नींद आ रही है। न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि, सोमवार को न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस था।

पिछले वर्ष 28 को ही टूटा था चार वर्ष का रेकॉर्ड
मौसम विभाग के रेकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2018 में 28 मई को अधिकतम तापमान 45.3 प्रतिशत थी। यह तापमान पिछले चार वर्षों में सर्वाधिक था। इस बार भी नौतपा में गर्मी रेकॉर्ड तोडऩे पर आमदा है।

लू चलने का अलर्ट
मौसम विभाग ने भोपाल, सागर, रीवा, जबलपुर, ग्वालियर एवं चम्बल संभागों के जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर या सामान्य से साढ़े डिग्री सेल्सियस अधिक होने पर लू की स्थिति होती है। लू को छूने में पारा सिर्फ .6 डिग्री कम है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक सहायक आरके दत्ता के अनुसार शुष्क मौसम, मंद हवा और तेज धूप में तापमान में और वृद्धि होने का पूर्वानुमान है।

Published on:
28 May 2019 08:04 pm