अंतिम पड़ाव पर ठंड: बड़े होने लगे दिन, दोपहर में गर्मी के साथ मौसम ले रहा करवट
जबलपुर। शहर से ठंड अब आखिरी पड़ाव पर है। बड़े होते दिन और दोपहर में बढ़ता सूरज का तेज मौसम में बदलाव के संकेत देने लगा है। दिन में तापमान लगातार बढ़ रहा है। हल्की गर्मी के साथ मौसम करवट ले रहा है। हवा की दिशा भी बदल रही है। पश्चिम से आ रही हवा मौसम में सर्दी का अहसास कम कर रही है। गुरुवार से न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि की सम्भावना है। इसे ऋतु परिवर्तन की आहट माना जा रहा है।
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 30.9 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री था। बुधवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि हुई। अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री रेकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 13 डिग्री पर स्थिर था। आद्र्रता सुबह के समय 71 प्रतिशत और शाम को 32 प्रतिशत थी। मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान के आसपास और पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर चक्रवात है। अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है। गुरुवार को मौसम मुख्यत शुष्क रहने की सम्भावना है। न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी का अनुमान है।