
जबलपुर। उत्तर भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों में बिना बुक किया लगेज भरा जा रहा है। यह लगेज प्लेटफॉर्म के छोर पर अवैध रूप से महिलाओं का गिरोह लाता है। यह गिरोह प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेनों के विशेष कोचों में भर देता है। चोर रास्तों से प्रवेश करने वाली इन महिलाओं की गतिविधियों पर आरपीएफ कार्रवाई नहीं कर पा रहा है और न ही ट्रेनों में लगेज बुक करने वाला पार्सल विभाग। पत्रिका स्टिंग में यह सामने आया है कि वर्कशॉप की आड़ में ये महिलाएं खुलेआम प्रवेश कर रही हैं और प्लेटफॉर्म चार-पांच पर खड़ी ट्रेनों में भर देती हैं। प्लेटफॉर्म से भेजे जाने वाले बिना बुक किए माल की हकीकत बयां करती रिपोर्ट...।
about - स्टेशन पर महिला गिरोह सक्रिय, चोर रास्तों से प्लेटफॉर्म में प्रवेश, अफसरों और पुलिस की मिलीभगत, ट्रेनों से भेजा जा रहा है बिना बुक किया लगेज
रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह की ओर से ट्रेनों में अवैध रूप से माल भेजा जा रहा है। यह लगेज उत्तरभारत की ओर जाने वाली लंबी दूरी की गाडि़यों में रखा जाता है। यह लगेज डिब्बे या बोरे में रहता है। कई बार प्लास्टिक की टोकरियों में भी रखा जाता है। स्टिंग में यह सामने आया है कि एक गाड़ी में करीब पचास से सत्तर बोरे लगेज भरा जा रहा है। यह लगेज ट्रेनों के आरक्षित कोचों में भी रखा जाता है।
लगेज भरकर महिलाएं गायब
ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों का कहना है कि बर्थ के नीचे सामान भर दिया जाता है। माल भरने के बाद महिलाएं गायब हो जाती है। ट्रेन की जांच करने आने वाले टीटीई को यह जानकारी नहीं मिल पाती है कि यह माल किसका है। नियमित रूप से इलाहाबाद, छिवकी, मुगलसराय की ओर सफर करने वाले जगन्नाथ, आरके त्रिपाठी, शंभु कहते हैं कि उनके साथ एेसी कई बार स्थिति आई है, जिसमें जबलपुर स्टेशन से माल भर दिया गया लेकिन फिर रास्ते भर कोई नहीं आया और छिवकी आते ही माल उठाने अचानक महिलाएं आ गईं और माल उतारकर चलती बनी। इधर, सफर में टीटीई हमसे पूछताछ करता रहा।
एेसे आता है लगेज
डीआरएम कार्यालय से प्रवेश करने के बाद कार्यालय की ओर न जाकर वर्कशॉप की ओर महिलाएं आ जाती हैं। यहां ट्रेन आने के पहले महिलाएं लगेज एकत्र कर लेती हैं और वर्कशॉप के बाहर बैठी रहती हैं। इस दौरान गिरोह की कुछ महिलाएं प्लेटफॉर्म पर पहुंचकर माल रखने की जगह चुन लेती हैं। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर लगने के पहले और उसी दौरान इनके अन्य साथी लगेज प्लेटफॉर्म पर पहुंचाकर ट्रेनों के भीतर कर देते हैं।
यहां जाता है माल
छिवकी, इलाहाबाद, पटना, मुगलसराय, बनारस
इनमें भरा जाता है लगेज- पटना सुपर, मुंबई-पटना एक्सप्रेस, मुंबई मेल, सिकंदराबाद-पटना एक्सप्रेस
अवैध वेंडर से बातचीत के अंश
- क्यों ये माल तुम्हारा है?
हां, है।
- ये कहां ले जा रही हो?
छिवकी।
- इसका लगेज बना है क्या?
नहीं, हम तो एेसी ही ले जाते हैं। इसमें है ही क्या सब्जी।
- ये तो बहुत सारे हैं, इसका तो लगेज बनेगा?
हम तो एेसे ही ले जाते हैं।
- तो कोई रोकता नहीं है?
कोई रोकता है तो रसीद कटती है नहीं तो चले जाते हैं।
- तुम अकेली यह काम कर रही हो?
अरे, कहां भैया। हमारे जैसी बहुत सारी महिलाएं हैं। कुछ तो आगे के डिब्बे से भी माल भरती हैं।
अवैध वेंडिंग और बिना बुक किए लगेज ले जाने वालों पर कार्रवाई की जाती है। अभी कुछ दिनों पहले वाणिज्य विभाग ने छापे मारे थे। माल जब्त भी किया गया था। एेसे लोगों पर रेलवे की नजर रहती है।
- गुंजन गुप्ता, सीपीआरओ, वेस्ट- सेन्ट्रल रेलवे