जबलपुर

कॉलेज से लेकर विश्वविद्यालय तक बढ़ेगी युवाओं की भागीदारी

पहली बार यूथ सेल का होगा निर्धारण,विश्वविद्यालय स्तर पर कुलपति होंगे संरक्षक, तय किए दायित्व

2 min read
Sep 11, 2022
collegemp.jpg
उच्च शिक्षा विभाग को लिखा पत्र

जबलपुर. कॉलेजों से लेकर विश्वविद्यालयों में युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी। युवा नीति के क्रियान्वयन में युवाओं की मुख्य भूमिका होगी। जो भी निर्णय किए जाएंगे उसके लिए कमेटी तय करेगी। दरअसल विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में पहली बार युवा सेल का गठन किया जाएगा। यह युवा सेल युवा नीति के क्रियान्वयन के लिए विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर होने वाली गतिविधियों की निरंतर समीक्षा और उत्कृष्ट संचालन के लिए आयोजन समिति को सुझाव प्रस्तुत करेगा। युवा सेल का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय में युवाओं के मध्य सकारात्मक एवं आदर्श वातावरण को निर्मित करना है।

विवि स्तर का सेटअप

विश्वविद्यालय स्तर पर कुलपति संरक्षक होंगे। वरिष्ठ संकाय अधिष्ठाता अध्यक्ष एवं समन्वयक राष्ट्रीय सेवा योजना सचिव होंगे। संरक्षक की ओर से प्रावीण्यता के आधार पर मनोनीत चार विद्यार्थी, एनएसएस, एनसीसी, खेल-कूद एवं साहित्य-सांस्कृतिक गतिविधि के एक-एक विद्यार्थी, दो एल्यूमनाई, दो अभिभावक (एक महिला, एक पुरुष) होंगे। इसके साथ ही एक सांसद तथा एक विधायक प्रतिनिधि को सदस्य बनाया जाएगा।

हर विधा से एक छात्र

इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग ने सेटअप तैयार किया है। जिसमें हर विधा से जुड़े युवाओं को शामिल किया गया है। इसमें मेरिट के आधार पर स्नातक और स्नातकोत्तर के छात्र, भूतपूर्व छात्र के साथ ही विभिन्न गतिविधयों से एक-एक विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा। यह एक माह के अंदर गठित की जाएगी। युवा सेल के माध्यम से गतिविधियों के आयोजन से लेकर लिए गए निर्णय आदि पर कुलसचिव, अतिरिक्त संचालक, आयुक्त एवं शासन को रिपोर्ट करेगी।

तीन दिन में सुझाव

युवा सेल युवा नीति के मार्गदर्शी सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करेगी। गतिविधियों को संचालन के साथ विवि एवं महाविद्यालय में आयोजित गतिविधियों की समाप्ति के तीन दिन में सुझाव सहित संरक्षक को भेजेगी। संस्था प्रमुख युवा सेल से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित विश्वविद्यालय की एक्जीक्यूटीव काउंसिल एवं महाविद्यालय की स्टाफ काउंसिल की बैठक कर कार्ययोजना बनाएगी। क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक हर दो माह में क्षेत्राधिकार के समस्त महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ युवा नीति के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे। कुलसचिव विश्वविद्यालय की प्रत्येक दो माह में युवा नीति के क्रियान्वयन करेंगे। आयुक्त, उच्च शिक्षा एवं शासन को अवगत कराएंगे।

कॉलेज स्तर पर सेटअप

महाविद्यालय में युवा सेल के संरक्षक प्राचार्य होंगे। महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक अध्यक्ष, एनसीसी अधिकारी, एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी सचिव, प्रावीण्यता के आधार पर दो स्नातक एवं दो स्नातकोत्तर विद्यार्थी एनएसएस, एनसीसी, खेल-कूद एवं साहित्यिक-सांस्कृतिक गतिविधियों में शामिल एक-एक विद्यार्थी सदस्य के रूप में शामिल होंगे। दो एल्यूमनाई, दो अभिभावक (एक महिला एवं एक पुरुष) सदस्य होंगे। सांसद प्रतिनिधि एवं विधायक प्रतिनिधि भी सदस्य होंगे।

राष्ट्रीय युवा नीति के संदर्भ में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने इस तरह की व्यवस्था की जा रही है। यूथ पंचायत में यह निर्णय लिया गया था जिसके बाद इसका गठन किया जा रहा है।

प्रो.कपिलदेव मिश्र, कुलपति, रादुविवि

Published on:
11 Sept 2022 12:25 pm