जगदलपुर

छत्तीसगढ़ : शाह का ऐलान- नक्सलियों का करेंगे सम्पूर्ण सफाया

Bijapur Naxal Attack - शहादत को सलाम : शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और सीएम भूपेश ने की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस - केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा - नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई रुकेगी नहीं बल्कि और तेज होगी
less than 1 minute read
amit_shah.jpg

जगदलपुर . बीजापुर ( Bijapur Naxal Attack ) के तर्रेम इलाके में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए सोमवार सुबह जगदलपुर पहुंचे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit shah in bijapur naxal attack) व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि नक्सली अपनी अंतिम लड़ाई लड़ रहे हैं। तर्रेम मुठभेड़ में शहीद जवानों की कुर्बानी व्यर्थ नही जाएगी। नक्सलियों का सम्पूर्ण सफाया किया जाएगा। हम राज्य सरकार की मदद से इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि तर्रेम में जिन जवानों ने शहादत दी है, देश उसे हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा देश व प्रधानमंत्री की ओर से श्रद्धांजलि दे रहा हूं। इस लड़ाई को निर्णायक मोड़ पर पहुंचाने के लिए उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। सरकार उनके परिजनों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी। राज्य को किसी भी तरह की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। फोर्स की बढ़ोतरी व हमले की रणनीति की बात पर शाह ने कहा कुछ बातें सार्वजनिक नहीं की जाएगी। पुलिसबल को निर्देश दिए गए हैं। एक जवान के नक्सलियों के कब्जे में होने की बात पर दोनों नेताओं ने कोई टिप्पणी नही की।

सीएम बोले-जवानों ने नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) ने ने कहा कि जहां-जहां नक्सली हैं, वहां कैंप खोले जा रहे हैं। फोर्स की तैनाती से नक्सलियों पर काबू पा लेंगे। तर्रेम में भी ऐसा ही होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जवानों ने साहस का परिचय देते हुए नक्सलियों को मुंह तोड़ जवाब दिया है। यह मुठभेड़ नहीं युद्ध की स्थिति थी। इसमें डीआरजी, एसटीएफ व कोबरा के जवान शहीद हुए। इसमें नक्सलियों को भी भारी क्षति हुई है।

Published on:
05 Apr 2021 09:24 pm