जगदलपुर

CG Election 2025: महीनेभर में निपटेंगे चुनाव… नगर निगम में 1 लाख 436 वोटर तो पंचायत में 5 लाख 11 हजार 981 मतदाता

CG Election 2025: पंचायतों में तीन चरण में वोटिंग, अंतिम परिणाम 24 फरवरी को जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में कुल 1 लाख 436 वोटर जिले की पंचायतों में कुल 5 लाख 11 हजार 981 वोटर सबसे ज्यादा संवेदनशील बूथ दरभा ब्लॉक में तय
3 min read
CG Election 2025

CG Election 2025: निकाय और त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव का बिगुल आखिरकार सोमवार को बज गया। आदर्श आचार संहिता भी प्रभावी हो गई। राज्य निर्वाचन आयोग से चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा हुई। इसके बाद जिले में कलेक्टर हरिस एस ने पत्रवार्ता लेते हुए जिले के लिए तय कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में निकाय एक चरण में हो रहे हैं।

CG Election 2025: तीन चरण में होंगे पंचायत चुनाव

बस्तर जिले के निकायों में भी 11 को वोटिंग के बाद 15 को काउंटिंग के साथ नतीजे आ जाएंगे। नामांकन की प्रक्रिया 22 जनवरी से 31 जनवरी को नाम वापसी तक चलेगी। जिले में दो निकाय क्षेत्र हैं पहला जगदलपुर नगर निगम और दूसरा बस्तर नगर पंचायत। जगदलपुर नगर निगम के 48 वार्डों के लिए 124 बूथ बनाए गए हैं। वहीं बस्तर नगर पंचायत के 15 वार्डों के लिए वोटिंग होगी।

जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में कुल 1 लाख 436 वोटर हैं। जिनमें पुरुष वोटर 47 हजार 557, महिला 58 हजार 852 और थर्ड जेंडर 27 वोटर हैं। वहीं बस्तर नगर पंचायत में कुल मतदाताओं की संख्या 7 हजार 776 है। पुरुष 3643 और महिला 4133 हैं। पंचायत चुनाव तीन चरण में होंगे। बस्तर जिले में पंचायतों के लिए कुल 5 लाख 11 हजार 981 वोटर हैं। पुरुष 2 लाख 44 हजार 43, महिला 2 लाख 67 हजार 929 और थर्ड जेंडर 9 वोटर हैं।

बस्तर जिले के सात ब्लॉक क्षेत्र में 27 जनवरी से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। 24 फरवरी को पंचायतों के अंतिम नतीजे आएंगे। पंचायतों में 88 संवेदनशील बूथ हैं। सबसे ज्यादा संवेदनशील बूथ दरभा ब्लॉक में हैं। पंचायत चुनाव तीन चरणों में होंगे। पत्रवार्ता में पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, अपर कलेक्टर सीपी बघेल मौजूद थे।

1164 बूथ में जिपं, जपं सदस्य, सरपंच के लिए मतदान

बस्तर जिले में पंचायत चुनाव के अंतर्गत 1164 बूथ में मतदान होगा। 15 जिला पंचायत सदस्य, सात जनपद पंचायत में 113 जनपद सदस्य और 436 सरपंच के लिए वोटिंग होगी। इसके अलावा 5812 वार्ड पंच के लिए वोटिंग होगी।

अब हफ्तेभर में तय हो जाएंगे प्रत्याशी

ऐसे में जगदलपुर निगम के लिए महापौर और पार्षदों के नाम जल्द तय होते दिखेंगे। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में महापौर के लिए दर्जनभर से ज्यादा नेताओं ने टिकट मांगी है। ऐसे में अब देखना होगा कि पार्टियां किसे मौका देती हैं।

पहले चरण में जगदलपुर और दरभा ब्लॉक में चुनाव

CG Election 2025: पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में जगदलपुर और दरभा ब्लॉक की अधिसूचना का प्रकाशन 27 जनवरी को होगा। 3 फरवरी को नाम निर्देशन की अंतिम तिथि तय की गई है। 4 फरवरी को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा, 6 फरवरी को नाम वापसी और मतदान एवं मतदान केन्द्रों पर की जाने वाली मतगणना 17 फरवरी को होगी। ब्लॉक मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना 18 फरवरी निर्धारित की गई है।

दूसरे चरण में लोहांडीगुड़ा और बस्तर में चुनाव होंगे

दूसरे चरण में बस्तर और लोहांडीगुडा ब्लॉक में अधिसूचना का प्रकाशन 27 जनवरी को, 3 फरवरी को नाम निर्देशन की अंतिम तिथि, 4 फरवरी को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा, 6 फरवरी को नाम वापसी और मतदान एवं मतदान केन्द्रों पर की जाने वाली मतगणना 20 फरवरी को होगी। ब्लॉक मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना 21 फरवरी को होगी।

तीसरे चरण में बास्तानार, बकावंड, तोकापाल में वोटिंग

तीसरे चरण के तहत बास्तानार, बकावण्ड, तोकापाल विकासखंड में अधिसूचना का प्रकाशन 27 जनवरी को होने के साथ 3 फरवरी को नाम निर्देशन की अंतिम तिथि, 4 फरवरी को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा, 6 फरवरी को नाम वापसी और मतदान एवं मतदान केन्द्रों पर की जाने वाली मतगणना 23 फरवरी और खण्ड मुख्यालय की 24 फरवरी निर्धारित की गई है।

Updated on:
21 Jan 2025 07:44 pm
Published on:
21 Jan 2025 01:05 pm