जगदलपुर

बस्तर में जनसेवा के लिए साथ आए सोनू सूद और डॉ. प्रेमासाई महाराज, शिक्षा-स्वास्थ्य समेत इन क्षेत्रों में करेंगे काम

Sonu Sood Meets Premasai Maharaj: बॉलीवुड अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद ने माँ मातंगी दिव्य धाम के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाई महाराज से मुलाकात की। दोनों ने बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसेवा से जुड़े कार्यों को मिलकर आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
2 min read
Jun 28, 2026
Sonu Sood Premasai Maharaj Meeting
सोनू सूद और डॉ. प्रेमासाई महाराज (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Sonu Sood Bastar Visit: प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद और माँ मातंगी दिव्य धाम, जामगांव के पूज्य पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाई महाराज के बीच आत्मीय भेंट एवं सार्थक संवाद हुआ। इस दौरान समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, गौसंरक्षण तथा विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के कल्याण से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

महोत्सव का दिया निमंत्रण

डॉ. प्रेमासाई महाराज ने सोनू सूद को आशीर्वाद प्रदान किया तथा छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर उनका अभिनंदन किया। साथ ही उन्हें माँ मातंगी दिव्य धाम में आयोजित होने वाले माँ कोत्रवै प्रतिमा स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होकर माता का आशीर्वाद ग्रहण करने का स्नेहपूर्वक आमंत्रण दिया। सोनू सूद ने इस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया।

धाम के सेवा कार्यों की दी जानकारी

संवाद के दौरान डॉ. प्रेमासाई महाराज ने सोनू सूद के नेतृत्व में सूद चैरिटी फाउंडेशन द्वारा देशभर में किए जा रहे मानवसेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने माँ मातंगी दिव्य धाम द्वारा संचालित जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि धाम के माध्यम से बस्तर सहित विभिन्न क्षेत्रों के जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहायता, अस्थमा के निःशुल्क उपचार, आध्यात्मिक स्वास्थ्य सेवा, आर्थिक सहयोग, गौसंरक्षण, आईटीबीपी जवानों के लिए आध्यात्मिक मार्गदर्शन तथा जनसेवा के अनेक कार्य निरंतर किए जा रहे हैं।

'माँ मातंगी शिक्षा रत्न' सम्मान की होगी शुरुआत

डॉ. प्रेमासाई महाराज ने बताया कि आगामी समय में "माँ मातंगी शिक्षा रत्न" सम्मान प्रारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही धाम में आने वाले बच्चों के लिए नैतिक शिक्षा एवं संस्कार की एक घंटे की कक्षाएं भी शुरू करने की योजना है, जिससे बच्चों में शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सेवा भाव का विकास हो सके।

बस्तर में मिलकर करेंगे जनसेवा

बस्तर क्षेत्र में जनसेवा कार्यों के विस्तार को लेकर दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक चर्चा हुई। माँ मातंगी दिव्य धाम ने विश्वास व्यक्त किया कि बस्तर क्षेत्र में सूद चैरिटी फाउंडेशन की शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं, आदिवासी अंचलों और जरूरतमंद परिवारों से जुड़ी गतिविधियों में हरसंभव सहयोग किया जाएगा, ताकि सेवा का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

मानव कल्याण के लिए साथ करेंगे काम

सोनू सूद ने भी विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं, आदिवासी अंचलों और जरूरतमंद परिवारों के उत्थान के लिए वे अपने चैरिटी कार्यों के माध्यम से निरंतर योगदान देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सेवा ही समाज को जोड़ने और जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। दोनों पक्षों ने भविष्य में सेवा, सहयोग और मानव कल्याण के साझा उद्देश्य के साथ बस्तर सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनहितकारी अभियान संचालित करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

Updated on:
28 Jun 2026 04:26 pm
Published on:
28 Jun 2026 03:52 pm