जयपुर

राजस्थान में सितंबर 2026 तक मिलेंगे 20,000 PNG कनेक्शन, विभाग ने 13 CGD कंपनियों को दिया लक्ष्य

राजस्थान में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 13 CGD कंपनियों को सितंबर 2026 तक 20 हजार नए PNG कनेक्शन जारी करने का लक्ष्य दिया गया है। प्रदेश में अब तक 1.75 लाख घरेलू और 1,553 औद्योगिक-व्यावसायिक PNG कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं।
2 min read
Jul 22, 2026
PNG Connection meeting
फोटो: पत्रिका

PNG Connection In Rajasthan: राजस्थान में स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सभी 13 सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) कंपनियों को सितंबर 2026 के अंत तक 20 हजार नए डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस (डीपीएनजी) कनेक्शन जारी करने का लक्ष्य दिया गया है। पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन घरेलू उपभोक्ताओं के साथ औद्योगिक इकाइयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और औद्योगिक क्लस्टरों को भी दिए जाएंगे।

सरकार का उद्देश्य प्रदेश में स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देना और पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता को कम करना है। इसके लिए सीजीडी कंपनियों को उन क्षेत्रों में तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां पाइपलाइन नेटवर्क और अन्य जरूरी आधारभूत सुविधाएं तैयार हो चुकी हैं।

खान एवं पेट्रोलियम विभाग की एसीएस अपर्णा अरोड़ा ने कहा कि आमजन को यह संदेश पहुंचाना जरूरी है कि देर-सवेर एलपीजी से पीएनजी पर शिफ्ट होना ही पड़ेगा। अरोड़ा ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित सीजीडी कंपनियों की वर्चुअल समीक्षा बैठक में कहा कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी का आधारभूत ढांचा तैयार हो चुका है, वहां कनेक्शन जारी करने की गति और बढ़ाई जाए।

21,240 परिवार जुड़े

पिछले दो माह में राजस्थान में 21,240 नए परिवारों को डीपीएनजी सुविधा से जोड़ा गया है। इसी अवधि में 240 औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी पीएनजी सेवा उपलब्ध कराई गई। प्रदेश में अब तक 1.75 लाख घरेलू तथा 1,553 औद्योगिक एवं व्यावसायिक पीएनजी कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं।

विभाग के अनुसार, प्रदेश में पीएनजी नेटवर्क के विस्तार के साथ उपभोक्ताओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा विकल्प उपलब्ध कराया जा रहा है। आने वाले समय में अधिक से अधिक क्षेत्रों में पाइप्ड गैस सुविधा पहुंचाने की योजना पर काम किया जा रहा है।

बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव नवीन जैन ने जयपुर के गांधीनगर, सिविल लाइंस, विद्याधर नगर और मालवीय नगर स्थित सरकारी आवासों में पीएनजी कनेक्शन को प्राथमिकता देने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों में पीएनजी कनेक्शन शुरू होने से एक सकारात्मक संदेश जाएगा और आम लोगों में भी इस स्वच्छ ऊर्जा विकल्प को अपनाने के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

Updated on:
22 Jul 2026 08:35 am
Published on:
22 Jul 2026 08:35 am