जयपुर

राजस्थान में तूफान ने मचाई भारी तबाही, अब तक 23 लोगों की मौत

राजस्थान में आए तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तूफान व अंधड़ से अलवर, भरतपुर, धौलपुर व झुंझुनूं जिले में बड़ा नुकसान हुआ है।

2 min read
May 03, 2018

जयपुर। राजस्थान में आए तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तूफान व अंधड़ से अलवर, भरतपुर, धौलपुर व झुंझुनूं जिले में बड़ा नुकसान हुआ है। प्रदेश में अंधड़-तूफ़ान के कारण अब तक 23 लोगों के मारे जाने की खबर है। तूफान के चलते अलवर में चार जनों की मौत हो गई, वहीं एक दर्जन से ज्यादा घायल हो गए। धौलपुर जिले में तीन महिलाओं की मौत हो गई, वहीं अन्य लोग घायल हो गए। भरतपुर में आठ लोगों की मौत हो गई। वहीं झुंझुनूं में एक जने की मौत हो गई।

अलवर जिले में तूफान से एमआईए थाना क्षेत्र स्थित सुधासागर गोशाला के पास कार पर पेड़ गिरने से हिंडौन निवासी मुकेश महाजन की मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग घायल हो गए। मुकेश साथियों के साथ मूर्ति लेने रामगढ़ आया था।

अलवर शहर में पुरानी सब्जी मंडी में पेड़ के नीचे दबने से बरखेड़ा मालाखेड़ा हाल चोर डूंगरी निवासी राकेश जांगिड़ की मौत हो गई। वहीं बहरोड़ के जागुवास चौराहे पर दरभंगा बिहार निवासी बालिका मुस्कान की तूफान के दौरान भारी वस्तु गिरने से मौत हो गई। बानसूर के बाबरिया गांव में भगवानी की दीवार गिरने से मौत हो गई।

उधर, अकेले अलवर के सामान्य चिकित्सालय में ही एक दर्जन से अधिक घायल पहुंचे। वहीं जिले के अन्य अस्पतालों में भी घायलों के पहुंचने का क्रम देर रात तक जारी रहा।

भरतपुर
जिले में बुधवार शाम सात बजे करीब 135 किमी घंटे की रफ्तार से आए अंधड़ के कारण बड़ा नुकसान हुआ। अंधड़ के दो दर्जन से भी अधिक मकान व दीवार गिरने से आठ की मौत हो गई। जिलेभर से पुलिस नियंत्रण कक्ष को दीवार व मकानों के गिरने से 12 से अधिक मौत की सूचना मिल रही है। लेकिन पुलिस ने अभी सिर्फ आठ की ही मौत की पुष्टि की है।

अंधड़ के कारण शहर के प्रताप कॉलोनी में मकान गिरने से दो लोगों की दबने से मौत हो गई। डीग थाने के गांव जनूथर में दीवार गिरने से तीन, डीग में अंधड़ के कारण आग में झुलसने से एक, बड़ेसरा में दीवार गिरने से एक, नगर के गांव खखावली में मकान गिरने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि जिला मुख्यालय स्थित आरबीएम अस्पताल में चार दर्जन से अधिक लोगों को भर्तीकराया गया है।

धौलपुर
अंधड़ से धौलपुर में आरएसी लाइन के पास एक मकान की दीवार गिरने से दबने से हसीना व आशा की मौत हो गई। उधर, मुख्य डाकघर परिसर में आवास पर पेड़ गिरने से चार जने घायल हो गए। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

झुंझुनूं.
खेतड़ी के रंवा गांव में तेज अंधड़ से एक निर्माणाधीन मकान की गुमटी की दीवार गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। इसके अलावा 6 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। तेज धामाकों की आवाज सुनकर आस पास के लोग भागकर घटनास्थल पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला।

Published on:
03 May 2018 07:11 am
Also Read
View All