
Rajasthan Industry Photo AI
Rajasthan Investment: जयपुर. राजस्थान में औद्योगिक विकास को नई गति देने और युवाओं के लिए उद्यमिता को आसान बनाने की दिशा में राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों के अनुरूप रीको औद्योगिक क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विकास तथा ‘प्लग एंड प्ले’ आधारित औद्योगिक ढांचे को बढ़ावा देने के लिए तेजी से कार्य कर रहा है।
रीको द्वारा स्पोर्ट्स फैसिलिटी और प्लग एंड प्ले परियोजनाओं के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इसके तहत कुल 15 भूखंडों की ई-बिडिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब इन भूखंडों का किराया आधारित आवंटन किया जा रहा है, जिनमें 12 भूखंड खेल सुविधाओं के विकास और 3 भूखंड प्लग एंड प्ले इकाइयों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
खेल सुविधाओं के लिए जिन औद्योगिक क्षेत्रों का चयन किया गया है, उनमें जयपुर जिले के सीतापुरा फेज-तृतीय, अपैरल पार्क और बगरू (छितरौली), कोटा का इंद्रप्रस्थ औद्योगिक क्षेत्र, जोधपुर का बोरानाडा, सिरोही का आबू रोड (अर्बुदा), खैरथल-तिजारा का भिवाड़ी (कारोली), झुंझुनूं-द्वितीय, अजमेर का किशनगढ़, पाली फेज-4, सवाई माधोपुर का खेरड़ा तथा सीकर का रींगस विस्तार औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं।
वहीं, प्लग एंड प्ले मॉडल के तहत जयपुर के सीतापुरा फेज-तृतीय, जोधपुर के बोरानाडा स्थित एग्रो फूड पार्क और कोटा के रानपुर स्थित एग्रो फूड पार्क में भूखंड आवंटित किए जा रहे हैं। इस मॉडल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उद्यमियों को आधारभूत संरचना पहले से तैयार मिलेगी, जिससे वे बिना किसी निर्माण संबंधी देरी के तुरंत उत्पादन या व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर सकेंगे।
रीको के अनुसार आवंटित किए जा रहे इन सभी भूखंडों का कुल क्षेत्रफल लगभग 9 एकड़ है। इससे निगम को करीब 2.28 करोड़ रुपये का वार्षिक किराया प्राप्त होगा। भूखंडों का आवंटन प्रारंभिक रूप से 15 वर्षों के लिए किया जा रहा है, जिसे नियमानुसार आगे 10 वर्षों तक बढ़ाया भी जा सकेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि औद्योगिक क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विकास से कर्मचारियों और श्रमिकों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, वहीं प्लग एंड प्ले मॉडल से नए उद्यमियों, स्टार्टअप्स और युवाओं को अपना उद्योग स्थापित करने में बड़ी राहत मिलेगी। इससे प्रदेश में निवेश आकर्षित होगा, औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
रीको की यह पहल राजस्थान को निवेश, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Updated on:
01 Jun 2026 08:41 pm
Published on:
01 Jun 2026 08:38 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
