2 Bike Collide 1 Youth Died: हादसे का शिकार विपिन कुमावत (23) चित्रगुप्त नगर प्रथम इमली फाटक का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को वह दोस्त करण के साथ दशहरा मैदान स्थित मंदिर में दर्शन करके घर लौट रहा था।
Rajasthan Road Accident: जयपुर के बिड़ला मंदिर के पीछे तुलसी सर्कल के पास 2 बाइक की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा साथी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया जहां से परिजन उन्हें संतोकबा दुर्लभजी अस्पताल ले गए।
उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई। जबकि साथी युवक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने कांवटिया अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजन को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बताया कि बाइक से टक्कर मारने वाले व्यक्ति के जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे का शिकार विपिन कुमावत (23) चित्रगुप्त नगर प्रथम इमली फाटक का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को वह दोस्त करण के साथ दशहरा मैदान स्थित मंदिर में दर्शन करके घर लौट रहा था। तुलसी सर्कल के पास बाइक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे विपिन और करण नीचे गिर गए। आस-पास के लोगों ने दोनों को एसएमएस अस्पताल भिजवाया जहां परिजन ट्रोमा से संतोकबा दुर्लभजी अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान विपिन की मौत हो गई। जबकि एसएमएस अस्पताल में करण को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
विपिन के पिता प्रकाशचन्द्र हैण्डीक्राफ्ट का काम करते हैं। विपिन ने ग्रेजुएशन कर रखा था। वह सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। परिवार के लोगों को जब हादसे की सूचना मिली तो उनकी रूलाई फूट पड़ी। दो बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। विपिन मिलनसार था। वह हमेशा मदद करने को आगे रहता था।