जयपुर

सरकार के 4 सालः राज्य सरकार मना रही है ‘जश्न’, कांग्रेस ने कहा – प्रदेश में विकास ‘ठप’

सरकार के 4 सालः कांग्रेस ने लगाया प्रदेश का विकास ठप होने का आरोप, भाजपा ने कहा—"चार सालों में प्रदेश के हर वर्ग की हुई तरक्की"
2 min read
• •
Updated: 13 Dec 2017, 11:47 AM IST
4 Years of Rajasthan Government completed Vasundhara Raje Congress questioned on Celebration

जयपुर। राज्य सरकार मौजूदा सरकार के चार साल पूरे होने पर जश्न मना रही है लेकिन प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार के चार साल के जश्न पर सवाल उठाए है। कांग्रेस ने कहा है कि बीते चार सालों में विकास के मामले में प्रदेश चार कदम पीछे चला गया है और प्रदेश में हर वर्ग सरकार की कार्यशैली से असंतुष्ठ हैं और मौजूदा सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है। तो वहीं भाजपा का कहना है कि सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में हर क्षेत्र में बेहतर कार्य किया है और हर वर्ग को मजबूत किया है जिससे प्रदेश अन्य राज्यों से ज्यादा बेहतर स्थिति में है।

मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि "जिस उम्मीद के साथ प्रदेश की जनता से चार साल पहले भाजपा को प्रदेश की सत्ता सौंपी थी उस उम्मीद पर सरकार खरी नहीं उतर पाई। पायलट ने कहा कि प्रदेश में महिला अत्याचार, दलित अत्याचार और अपराधों में बेहताशा बढोतरी हुई। वहीं रिसर्जेंट राजस्थान के नाम पर सरकार के खजाने से करोडों रुपए खर्च हुए लेकिन प्रदेश में न निवेश हुआ और नही उद्योग धंधे लगे। वहीं प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ने से युवाओं में हताशा है। वहीं प्रदेश में हजारों की संख्या में नवजात शिशुओं की मौत होने पर सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवालिया निशान लग गया है। वहीं पायलट ने कहा कि प्रदेश में चार सालों में 70 से ज्यादा किसानों ने कर्ज के चलते आत्महत्या कर ली।"

वहीं सरकार ने प्रदेश को बीते चार सालों में नई उंचाईयों पर ले जाने का दावा किया हैं। सरकार के मंत्रियों ने अपने अपने विभागों की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि उनके विभागों में योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर तरीके से हुआ है जिससे प्रदेश की जनता को राहत मिली है। इसके साथ ही फसल बीमा जैसी योजनाओं से किसानों को फायदा हुआ तो रिसर्जेंट राजस्थान के आयोजन से प्रदेश में औद्योगिक वातावरण बना है और लाखों रोजगार के अवसर बढे है।

Published on: