जयपुर। राजस्थान में मानसून के दौरान औसत से करीब 20 प्रतिशत कम बारिश होने के कारण सूखे की स्थिति गंभीर हो गई है। प्रदेश के 15 जिलों की 87 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। इनमें 73 तहसीलें गंभीर और 14 मध्यम सूखाग्रस्त श्रेणी में शामिल हैं। प्रभावित किसानों, पशुपालकों और आमजन को राहत देने के लिए राज्य सरकार ने 9321 करोड़ रुपए के विशेष पैकेज की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आपदा प्रबंधन, राहत एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में इसकी जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, सिंचाई, पशुओं के लिए चारा और रोजगार के इंतजाम प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।