
दीपोत्सव की रोशनी जब आसमान तक पहुंची तो नजारा देखते ही बना। अमर जवान ज्योति पर 500 ड्रोनों की रोशनी से सजे आसमान में माता लक्ष्मी की दिव्य आकृति उभरी तो लोगों की निगाहें ठहर गईं। 13 से अधिक आकृतियों वाले अनूठे ड्रोन शो ने जयपुर की दिवाली को आसमान में भी रोशन कर दिया।
रात के आठ बजते ही अमर जवान ज्योति पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। बच्चे हों या बड़े, हर किसी की नजर आसमान पर थी और मोबाइल कैमरे तैयार थे। रात 9:13 बजे अचानक 500 ड्रोन एक साथ आसमान में चमके तो पूरा परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा। कुछ ही पलों में आसमान पर ॐ की आकृति उभरी, फिर दीपक जगमगाया और देखते ही देखते रोशनी से 'शुभ दीपावली' का संदेश साकार हो गया। हर नई आकृति के साथ लोगों के मोबाइल कैमरे चमक उठते। कोई बच्चों को आसमान में बनती आकृतियां दिखा रहा था तो कोई इस अनूठे नजारे को कैमरे में कैद करने में जुटा था। ड्रोन की मदद से आसमान में 13 से अधिक आकृतियां बनाई गई।
ड्रोन शो का शुभारंभ महापौर सुनील कोठारी और आयुक्त ओम कसेरा ने बटन दबाकर किया। इसके बाद करीब 12 मिनट तक आसमान में रोशनी का अनूठा प्रदर्शन चला। 500 ड्रोनों के तालमेल से भगवान गणेश, माता लक्ष्मी, राम मंदिर और शुभ-लाभ की आकृतियां बनाई गई। इसके साथ ही नगर निगम जयपुर, जेडीए और 'दिवाली खुशियों वाली' के संदेश भी आसमान में नजर आए।
दरअसल, पहले यह आयोजन विधानसभा परिसर में प्रस्तावित था, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के कारण स्थान बदलना पड़ा। अमरूदों के बाग से ड्रोन उड़ाए गए और अमर जवान ज्योति के आसपास मुख्य सड़क पर लोगों ने शो देखा।
खत्म होने के बाद आसपास की प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। करीब आधे घंटे तक जाम के हालात रहे। इससे पहले आयोजन के दौरान जनपथ पर भी वाहन खड़े रहे। यातायात पुलिसकर्मियों ने इन्हें समय रहते नहीं हटवाया। आयोजन खत्म होते ही वाहनों का दबाव बढ़ा और जाम लग गया।
ड्रोन शो के साथ अमर जवान ज्योति परिसर में इलेक्ट्रिक दीयों से आकर्षक रंगोली भी सजाई गई। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाती रंगोली लोगों के लिए सेल्फी और तस्वीरें लेने का खास ठिकाना बनी रही। परिवारों और युवाओं ने यहां जमकर तस्वीरें खिंचवाई।
आज रात 9:30 बजे आतिशबाजीः नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि दीपोत्सव आयोजनों की कड़ी में रविवार रात अमर जवान ज्योति पर भव्य आतिशबाजी होगी। रात 9:30 बजे होने वाले इस आयोजन में रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान रोशन होगा।