
विद्यार्थियों को दी यातायात नियमों की जानकारी
दौसा. सड़क सुरक्षा जागरूकता के तहत प्रादेशिक परिवहन अधिकारी जगदीश अमरावत के निर्देश पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भांकरी में कार्यक्रम आयोजित हुआ। परिवहन निरीक्षक झाबर सिंह धायल ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क संकेतकों, हेलमेट की उपयोगिता, जेब्रा क्रॉसिंग और पैदल-साइकिल चालकों की सावधानियों की जानकारी दी।
उन्होंने मैनकिन पर सीपीआर का डेमो देकर गंभीर घायल की मदद, गोल्डन आवर में अस्पताल पहुंचाने के फायदे और अच्छे मददगार बनने की जानकारी दी। साथ ही इमरजेंसी नंबर व ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया भी समझाई।
धायल ने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि सड़क पर क्षणिक मानवीय भूल जिंदगी की पूरी दिशा बदल सकती है। लोग मोबाइल को कवर के बिना सुरक्षित नहीं मानते, लेकिन सड़क पर खुद की सुरक्षा के लिए हेलमेट रूपी कवर लगाना भूल जाते हैं। युवा यातायात नियमों की पालना कर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनें, तभी दुर्घटनाओं पर अंकुश संभव है।
कार्यवाहक प्रधानाचार्य अशोक मीणा ने विद्यार्थियों को नियमों की पालना के लिए प्रेरित किया।