
जयपुर. पुलिस और प्रशासन की लापरवाही के चलते नाहरगढ़ पहाड़ी पर हादसे रुकने का नाम ही नहीं ले रहे। एक बार फिर यहां पर मंगलवार रात और बुधवार दोपहर को रफ्तार के चलते दो कारें पलट गईं। एक कार नाहरगढ़ पहाड़ी स्थित अंधे मोड़ पर करीब 20 फीट खाई में जा गिरी। जबकि दूसरी जयगढ़-नाहरगढ़ तिराहे के पास सड़क पर ही पलट गई। बता दें कि हाल ही पत्रिका ने नाहरगढ़ पहाड़ी पर प्रशासन की अनदेखी और लापरवाही उजागर कर बताया था कि इन खामियों के चलते यहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। फिर भी यहां की सुध नहीं ली गई।
पिता-पुत्र सहित पांच की बची जान
मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे हुआ। पहाड़ी पर नाहरगढ़-जयगढ़ तिराहे पर किसी पशु के सामने आने पर अचानक तेज रफ्तार कार के ब्रेक लगाए। इससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दौसा निवासी कार सवार शिवचरण खंडेलवाल (58) उनके दो बेटे व दो दोस्त घायल हो गए। सभी एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
खाई में जा पलटी कार
बुधवार दोपहर दुर्घटना थाना उत्तर पुलिस को खाई में कार लावारिस मिली। कार सवार कोई नहीं मिले और ना ही किसी अस्पताल में उनके पहुंचने की सूचना मिली। हादसे के बाद कार सवार चले गए। कार के नंबरों के आधार पर उसके मालिक की तलाश की जा रही है। यह हादसा नाहरगढ़ पहाड़ी स्थित अंधे मोड़ पर हुआ है। कार को निकलवा सराय बावड़ी चौकी में रखी है।