
चेन्नई. श्री अग्रवाल सभा के प्लेटिनम जुबली वर्ष के उपलक्ष्य में “जयगोपाल गरोड़िया मेधावी एवं स्पोर्ट्स एक्सीलेंस अवार्ड्स 2026” का आयोजन डी. जी. वैष्णव कॉलेज ऑडिटोरियम में हुआ। इस अवसर पर समाज के मेधावी विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट खेल प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ वैदिक मंत्रोच्चार, गणेश वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन मुख्य अतिथि डॉ. सुनील श्रॉफ, सभा अध्यक्ष सीताराम गोयल, महासचिव बालगोविंद गुप्ता, प्लेटिनम जुबली चेयरमैनविजय गोयल, जयगोपाल गरोड़िया फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी अशोक केड़िया, मेधावी पुरस्कार समिति के अध्यक्ष संतोष गोयल, स्पोर्ट्स एक्सीलेंस अवार्ड्स चेयरमैन योगी सराफ, मेधावी पुरस्कार समिति के सह-अध्यक्ष आशीष गुप्ता व सुनीता खेमका द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
स्वागत उद्बोधन में सीताराम गोयल ने सभा की गौरवशाली 75 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए शिक्षा, संस्कार एवं सेवा के क्षेत्र में सभा के अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात प्लेटिनम जुबली चेयरमैन विजय गोयल ने प्लेटिनम जुबली वर्ष के दौरान आयोजित किए जाने वाले विविध कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभी से सक्रिय सहभागिता का आग्रह किया।
मुख्य अतिथि डॉ. सुनील श्रॉफ का परिचय कुमारी तिया अग्रवाल ने कराया। तत्पश्चात सभा के अध्यक्ष, महासचिव एवं प्लेटिनम जुबली चेयरमैन द्वारा उनका शॉल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में डॉ. श्रॉफ ने विद्यार्थियों से जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने के साथ-साथ मानवीय मूल्यों, सेवा-भाव एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को अपनाने का संदेश दिया।
Bअशोक केड़िया का विशेष सम्मानB
समारोह के दौरान जयगोपाल गरोड़िया फाउंडेशन की ओर से समाज के प्रति उनके निरंतर एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए अशोक केड़िया का विशेष सम्मान भी किया गया। इसके बाद सभासदों को पुरस्कारों से अवगत कराया गया। मुख्य अतिथि ने मेधावी विद्यार्थियों एवं खेल प्रतिभाओं को “जयगोपाल गरोड़िया मेधावी एवं स्पोर्ट्स एक्सीलेंस अवार्ड्स 2026” प्रदान किए गए। सम्मानित विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों की उत्कृष्ट उपलब्धियों पर सम्पूर्ण सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
बॉक्स
B“किसी ने बताया नहीं” ने बहुत कुछ बतायाB
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण एक्सपीरिएंशियल पोएट एवं मोटिवेशनल स्पीकर साहिल अग्रवाल का प्रेरणादायी सत्र “किसी ने बताया नहीं” रहा। उनका परिचय कुमारी नव्या सराफ ने कराया। सम्मान के उपरांत साहिल अग्रवाल ने अपने जीवन अनुभवों, प्रेरक प्रसंगों एवं भावपूर्ण कविताओं के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके विचारों एवं प्रस्तुति को श्रोताओं ने भरपूर सराहना प्रदान की। अंत में सभी विशिष्ट अतिथियों, सहयोगियों, आयोजन समिति, अभिभावकों तथा उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया गया।