जयपुर

डेढ़ माह बाद भी नहीं हटे दरवाजे के बल्ली-फंटे, गांव जाने वाले वाहन चालक हो रहे परेशान

नईनाथ रोड से पाटन-भटेरी की ओर जा रहे सड़क मार्ग पर ग्राम पंचायत उगावास की ओर से पाटन मोड़ पर दरवाजा बनाया जा रहा है। इस दरवाजे पर करीब डेढ़ माह पूर्व आरसीसी कर दी गई।
less than 1 minute read
• •
Apr 25, 2023
bassi

बांसखोह। नईनाथ रोड से पाटन-भटेरी की ओर जा रहे सड़क मार्ग पर ग्राम पंचायत उगावास की ओर से पाटन मोड़ पर दरवाजा बनाया जा रहा है। इस दरवाजे पर करीब डेढ़ माह पूर्व आरसीसी कर दी गई। इसके बावजूद आज तक इसके बल्ली फंटे नहीं हटाए गए। पंचायत प्रशासन की अनदेखी के चलते इस सड़क मार्ग पर जाने वाले दर्जनभर गांवों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

भटेरी निवासी कैलाश शर्मा प्रेमपुरा ने बताया कि वर्तमान में शादियों का दौर चल रहा है। बड़ी तादाद में इस सड़क मार्ग से वाहनों का आवागमन रहता है। लेकिन यह सड़क मार्ग बंद रहने से कच्चे एवं क्षतिग्रस्त रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। जिससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डेढ़ माह बाद भी दरवाजे से बल्ली फंटे नहीं हटाए गये।

ग्राम पंचायत की ओर से करीब 6 लाख की लागत से इस दरवाजे का निर्माण कराया जा रहा है। सरपंच कल्ली देवी मीना ने बताया कि जेटीओ के निर्देश पर जल्द ही बल्ली फंटे हटा दिए जाएंगे। इधर, तूंगा पंचायत समिति जेटीओ रवि कुमार ने बताया कि गत दिनों हड़ताल एवं कार्य की व्यवस्था के चलते इस साइट पर नहीं जा सका। एक-दो दिन में बल्ली फंटे हटा दिए जाएंगे।

Published on:
25 Apr 2023 02:44 pm