जयपुर

अहमदाबाद विमान हादसा: जिस महीने में दुनिया में आई, उसी महीने में अंतिम विदाई;  खुशबू को अर्थी में देख रो पड़ा पूरा गांव

अहमदाबाद विमान हादसे में अकाल मौत का शिकार हुई खुशबू कंवर राजपुरोहित का रविवार को जोधपुर जिले के लूणी विधानसभा क्षेत्र के खाराबेरा गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

2 min read
Jun 15, 2025
Photo- Patrika

जयपुर। अहमदाबाद विमान हादसे में अकाल मौत का शिकार हुई खुशबू कंवर राजपुरोहित का रविवार को जोधपुर जिले के लूणी विधानसभा क्षेत्र के खाराबेरा गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान परिवार और गांव के हर शख्स की आंखें नम हो गई। ससुराल में दुल्हन बनकर आई खुशबू कंवर को अ​र्थी में देख पूरा गांव रो पड़ा। किसने सोचा था कि महज चार महीने पहले इस घर में नई दुल्हन बनकर आई खुशबू यूं अचानक हमेशा के लिए विदा ले लेगी। खुशबू की इस तरह अचानक मौत ने सभी को गमगीन कर दिया है। शादी की यादें अभी भी ताजा थीं और अब घर में सिर्फ उसकी यादें रह गई हैं।

यकीन नहीं हो रहा खुशबू नहीं रही

अहमदाबाद विमान हादसे ने खुशबू के पीहर पक्ष और ससुराल पक्ष के लोगों को तोड़कर रख दिया। उन्हें अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि खुशबू अब नहीं रही। खुशबू का ससुराल जोधपुर जिले के खाराबेरा गांव में है। जबकि पीहर बालोतरा जिले के अराबा में है। खुशबू के पति विपुल सिंह अपनी पत्नी के इस प्रकार चले जाने की सदमे में हैं।

खुशबू अपने सास-ससुर का आशीर्वाद लेकर पिता मदन सिंह और चचेरे भाई के साथ अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंची थी। वहां से उसे लंदन के लिए उड़ान भरनी थी। एयरपोर्ट पर सभी ने साथ में तस्वीरें खिंचवाईं। चेहरों पर मुस्कान थी, आंखों में थोड़ा सा गम और ढेर सारी उम्मीदें। खुशी-खुशी उन्होंने बेटी को विदा किया था।

खुशबू की रुला देने वाली कहानी

यह खुशबू की पहली विदेश यात्रा थी। परिजनों की आंखें नम थीं, लेकिन उनमें गर्व और खुशी साफ झलक रही थी। पर यह खुशी ज्यादा देर टिक नहीं सकी। जब वे अहमदाबाद से लौटते हुए मेहसाणा के पास पहुंचे, तभी उन्हें विमान हादसे की सूचना मिली। उस एक पल में पिता और भाई के पैरों तले जमीन खिसक गई… मानो सब कुछ ठहर गया हो।

जिस महीने में वह इस दुनिया में आई, उसी माह विदाई

इसे एक दुखद संयोग ही कहा जाएगा कि खुशबू का जन्म भी जून में हुआ और निधन भी इसी महीने में। किसे पता था कि जिस महीने में वह इस दुनिया में आई थीं, उसी महीने में वह सबको अलविदा कह जाएंगी। खुशबू का जन्म 27 जून 2002 को हुआ था और अहमदाबाद विमान हादसा भी 12 जून 2025 को हुआ है।

विपुल सिंह और खुशबू का विवाह 18 जनवरी 2025 को हुआ था। खुशबू के पति विपुल सिंह लंदन के एक अस्पताल में नर्सिग ऑफिसर हैं। वे दो माह पहले ही लंदन गए थे। वे पत्नी खुशबू से कहकर गए थे कि अपना ख्याल रखना जल्द ही आपको लंदन बुला लेंगे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। लंदन पहुंचने से पहले खुशबू की अहमदाबाद प्लेन क्रैश में दर्दनाक मौत हो गई।

Also Read
View All
राजस्थान बजट में बड़ा ऐलान: इन जिलों में खुलेंगे नए पुलिस थाने और चौकियां

Rajasthan Budget 2026 : बालोतरा-भरतपुर में खुलेंगे नए कॉलेज, सीकर-जयपुर के छात्रों को भी राजस्थान बजट में मिला बड़ा तोहफा

Rajasthan Budget 2026 : ‘ये ‘डबल इंजन’ नहीं, ‘ट्रबल इंजन’ सरकार’, डोटासरा ने बजट पर क्यों कहा ऐसा?

Rajasthan Budget : स्मार्ट पार्किंग से लेकर डॉग शेल्टर तक, आमजन को मिलेंगी ये 7 बड़ी सुविधाएं

किड्स कॉर्नर: चित्र देखो कहानी लिखो 65 …. बच्चों की लिखी रोचक कहानियां परिवार परिशिष्ट ( 4 जनवरी 2026) के पेज 4 पर किड्स कॉर्नर में चित्र देखो कहानी लिखो 65 में भेजी गई कहानियों में विवेक चौधरी, दीपेंद्र सिंह और भूमि कन्नौजिया क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेता रहे। इनके साथ सराहनीय कहानियां भी दी जा रही हैं।

अगली खबर