जयपुर

महिला मित्र के लिए पायलट ने कॉकपिट को बनाया ‘Living room’ , क्रू सदस्य ने की डीजीसीए से शिकायत

सुहाना सफर : उड़ान में इकोनॉमी क्लास की यात्री की खातिरदारी का आरोप
2 min read
• •
Updated: 21 Apr 2023, 10:56 PM IST
महिला मित्र के लिए पायलट ने कॉकपिट को बनाया ‘Living room’ , क्रू सदस्य ने की डीजीसीए से शिकायत
महिला मित्र के लिए पायलट ने कॉकपिट को बनाया ‘Living room’ , क्रू सदस्य ने की डीजीसीए से शिकायत

अबू धाबी. दुबई से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाले एयर इंडिया के एक विमान के पायलट पर आरोप लगा है कि उसने अपनी महिला मित्र को कॉकपिट में बैठाकर सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन किया। केबिन क्रू की एक सदस्य की ओर से डीजीसीए (Directorate General of Civil Aviation) में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, मामला 27 फरवरी का है। शिकायत में कहा गया कि कैप्टन अपनी मित्र के लिए कॉकपिट को 'आरामदायक' बना रहा था। उसने चालक दल की सदस्य से कहा कि उसकी महिला मित्र को कॉकपिट में वही खाना परोसा जाए, जो बिजनेस क्लास में परोसा जाता है।
एयरलाइन के एक अधिकारी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि एयर इंडिया ने जांच के लिए कमेटी का गठन किया है। डीजीसीए ने फ्लाइट क्रू को पूछताछ के लिए बुलाया है। शिकायत में कहा गया कि उड़ान में समस्याएं बोर्डिंग से पहले शुरू हो गई थीं। कैप्टन ने चालक दल से कहा कि अगर बिजनेस क्लास में सीटें खाली हैं तो बताएं, क्योंकि उसकी एक मित्र इकोनॉमी क्लास में यात्रा कर रही है। वह चाहता है कि उसे अपग्रेड किया जाए। क्रू ने बताया कि सीटें खाली नहीं हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक, कैप्टन ने उसे अपनी मित्र को कॉकपिट में ले जाने और उसके आराम के लिए कुछ तकिए लाने को कहा। पायलट की मित्र फर्स्ट ऑब्जर्वर सीट पर बैठी थी।

पायलट के निर्देश
चालक दल की सदस्य ने शिकायत में कहा, कैप्टन ने निर्देश दिए कि कॉकपिट लिविंग रूम की तरह आरामदायक होना चाहिए। ड्रिंक और स्नैक्स कॉकपिट में ही लाने के लिए कहा गया। मैंने कहा कि मैं कॉकपिट में शराब सर्व करने में सहज नहीं हूं। इस पर पायलट नाराज हो गया और मेरे साथ नौकरों की तरह व्यवहार करने लगा।

अब जांच-पड़ताल
शिकायत के मुताबिक, महिला मित्र ने कॉकपिट में एक घंटे से ज्यादा समय बिताया। दोनों पायलट इस महिला के साथ इमिग्रेशन एरिया तक गए। डीजीसीए के एक अधिकारी ने कहा कि हम इस मामले में तकनीकी और सुरक्षा पहलुओं की जांच-पड़ताल कर रहे हैं।

Published on: