
जयपुर
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते आज अमरनाथ यात्रा पूरी तरह से रोक दी गई है। खराब मौसम की वजह से तीन दिन में दूसरी बार यात्रा को रोका गया है। लोगों ने बताया कि यहां कल शाम से ही लगातार बारिश का साया छाया हुआ है। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम ख़राब के चलते लंबे जाम में फंसी सैंकड़ों बसें और गाड़ियां। इसके अलावा छोटे-छोटे पुल भी तेज धार में बह गए हैं। इसके चलते अमरनाथ यात्रा को रोकना पड़ा है।
जयपुर से गए लोगों ने शेयर किए अपने अनुभव
अमरनाथा यात्रा पर खराब मौसम का लगातार साया बना हुआ है। जयपुर समेत अन्य जगहों से गए अमरनाथ यात्री बेस कैंपों में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। खराब मौसम आैर जाम के चलते यात्रा को तीन दिन में दूसरी बार रोका गया है। यात्रियों का कहना है कि पिछले सालों की तुलना में इस बार व्यवस्थाएं बेहतर हैं लेकिन प्रकृति के आगे किसी का भी बस नहीं चलता है। जयपुर से तीन जत्थों के साथ अमरनाथ पहुंचे लोगों ने बताया कि दो से ढ़ाई दिन बालघाट कैंप में बिताए, पहले जत्थे ने जब दर्शन किए तो भक्तों को लगा कि अब आसानी से सभी बारी—बारी दर्शन कर लेंगे। लेकिन दूसरा जत्था ही दर्शन के लिए नहीं जा सका। पहले तो खराब मौसम, फिर पहाड़ों से गिरे कुछ पत्थरों ने यात्रा पर फिलहाल विराम लगाया है।
अब जाम की यह हालात है कि पूरे देश से आने वाले लोगों की बसें और अन्य वाहन कैंपों के आसपास हैं। कई किलोमीटर लंबा जाम है, बाहर बारिश है और बेस कैंपों में उमस। लोग जैसे—तैसे बाबा के भजनों के साथ वक्त गुजार रहे हैं। जयपुर से गए राजकुमार चतुर्वेदी ने बताया कि जयपुर से आए जत्थों में करीब दो हजार लोग हैं, सभी को बाबा के दर्शनों की आस है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार अभी दो और दिन दर्शन के लिए लग सकते हैं। जबकि पहले तीस जून को चढ़ाई करने की तारीख तय थी, लेकिन अब ऐसा होना संभव नहीं है। तीन दिन में कुछ ही मीटर चल सके हैं। अन्य राज्यों से करीब तीन सौ से चार सौ बसें ठहरी हुई हैं, साथ ही हजारों की संख्या में छोटी गाड़ियां भी जाम में फंसी है। जयपुर से यात्रा पर आए लोगों का टूअर ग्यारह दिन का था लेकिन अब यह पंद्रह दिन में पूरा होने का अनुमान है।