
जयपुर . जैसलमेर में बीएसएफ के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद अमित शाह दोपहर को जयपुर पहुंचे। यहां पर अमित शाह का पहले एयरपोर्ट पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने स्वागत किया और बाद में अमित शाह रोड शो करते हुए यहां जेईसीसी कन्वेंशन हॉल के लिए रवाना हुए।
अमित शाह दो दिवसीय राजस्थान के दौरे पर है। आज दूसरे दिन उन्होंने सुबह जैसलमेर में बीएसएफ के कार्यक्रम में भाग लिया। इसके बाद वे जयपुर आए। जयपुर पहुंचने पर यहां भाजपा के तमाम दिग्गज नेताओं ने उनका एयरपोर्ट पर स्वागत किया। एयरपोर्ट से अमित शाह का काफिला रोड शो के रूप में रवाना हुआ।
जैसलमेर से कार्यक्रम पूरा करने के बाद गृह मंत्री अमित शाह जयपुर में बीजेपी कार्यसमिति को सम्बोधित करेंगे। अमित शाह इस दौरान दो अलग-अलग कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। जिसमें उनका पहला भाषण कार्यसमिति के समापन सत्र में होगा, जबकि दूसरा भाषण बीजेपी के जनप्रतिनिधियों का होगा।
जगह-जगह स्वागत
राजस्थानी लोकनृत्य, लोकगीतों और पुष्प वर्षा से अमित शाह का जगह-जगह स्वागत किया। अमित शाह करीब 3:15 बजे सीतापुरा स्थित जेईसीसी कन्वेंशन हॉल पहुंचेंगे। प्रदेश कार्यसमिति के समापन सत्र को संबोधित करेंगे। दोपहर 3:30 बजे जनप्रतिनिधि महासम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में पार्टी के करीब 10 हजार कार्यकर्ता भाग लेंगे। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया के मुताबिक, प्रदेश कार्यसमिति बैठक में पार्टी की आगामी कार्ययोजना, चुनावी योजना व पार्टी की मजबूती इत्यादि महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी, इससे पहले राजस्थान जेईसीसी कन्वेशन्स सेन्टर पर बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक कल से शुरू हुई।
स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं की भीड़
अमित शाह के स्वागत के लिए काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। ऐसे में पुलिस को भी व्यवस्था बनाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।