जयपुर

गहलोत के सारथी बने पायलट, सोशल मीडिया में चर्चा- ‘कमाल करेगी जय-वीरू की जोड़ी’

www.patrika.com/rajasthan-news/
3 min read
Sep 12, 2018
Ashok Gehlot and Sachin Pilot On Bike
गहलोत के सारथी बने पायलट, सोशल मीडिया में चर्चा- 'कमाल करेगी जय-वीरू की जोड़ी'

जयपुर। कांग्रेस की करौली में आयोजित संकल्प रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट पूर्व सीएम अशोक गहलोत के सारथी बने। सोशल मीडिया में तेजी से वायरल तस्वीर हो रही इस तस्वीर पर कुछ लोगों का कहना है कि चुनाव में जय—वीरू की ये जोड़ी कमाल करेगी।

दरअसल जयपुर से निकले कांग्रेसी नेताओं की बस करौली के कार्यक्रम स्थल से 5 किमी पूर्व जाम में फंस गई। पुलिस की भी व्यवस्था नहीं थी। इसके बाद एक कार्यकर्ता से बाइक लेकर सचिन पायलट ने अशोक गहलोत को पीछे बैठाया। दोनों नेताओं ने काफी दूरी मोटरसाइकिल पर ही तय की।

दोनों दिग्गजों की इस तस्वीर ने उनके बीच चल रही मतभेद की खबरों पर विराम लगाते हुए एकजुटता का संदेश दिया है। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर दोनों नेताओं के बीच कई बार अप्रत्यक्ष रूप से बयानबाजी हुई थी। दोनों के बीच मतभेद के खबरें भी आई थी, लेकिन करौली में पायलट के गहलोत के सारथी बनने के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

जनता सब समझ चुकी है
करौली में कांग्रेस की संभागस्तरीय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश के दौरे पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आए हैं। लेकिन वे अब कितने ही भाषण दे लें, जनता सब कुछ समझ चुकी है। पायलट ने कहा कि चुनाव का समय आ गया है, कई लोग बहकाने, डराने, बहलाने की कोशिश करेंगे, लेकिन किसी के दांवपेच में नहीं आना है। आज पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं। 85 से 90 रुपए लीटर भाव पहुंच गए हैं। यदि कोई सवाल करे तो उसे देशद्रोही कहा जाता है। कांग्रेस शासन आता है तो पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम कम करेंगे।

मुख्यमंत्री पर भी हल्ला बोला
सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री पर भी हल्ला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें राजनीति का नौसिखिया बताया था। लेकिन उन्हें बता देना चाहता हूं कि राजनीति के अखाड़े में पटकनी देने में कम नहीं हूं। वे बड़े घराने से आती हैं। उन्होंने तो हमेशा ही शासन किया है, राज किया है। लेकिन अब समय बदल गया है। जनता जाग गई है। उन्हें बड़े महलों में रहकर फरमान जारी करना आता है। लेकिन हम किसान परिवार से आते हैं। किसान की पीड़ा और दर्द को समझते हैं। अब राज करने वाले किसान और गरीब की कोख से पैदा होंगे।सी.पी. जोशी

बताई यहां की अब तक की ऐतिहासिक रैली
पायलट ने करौली की रैली को अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक रैली बताते हुए कहा कि यहां मुख्यमंत्री कई बार आईं, लेकिन ना उन्होंने कभी जनता से मुलाकात की और ना ही जनता उनसे मिलना चाहती थी। लेकिन कांग्रेस ने साढ़े चार साल पहले सभी से प्रेम-प्यार का रिश्ता कायम करने की मुहिम शुरू की थी। अब दो माह बाद भाजपा को अंजाम तक पहुंचाने का समय है।

सच्चा कांग्रेसी देगा उम्मीदवार का साथ
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने कहा कि टिकट किसी को भी मिले, लेकिन सच्चा कांग्रेसी वही होगा जो चुनाव में पार्टी उम्मीदवार के साथ खड़ा रहेगा और जिताने में जी-जान लगा देगा। लेकिन पार्टी उनका भी ध्यान रखेगी, जिन्हें टिकट नहीं मिलेगा। सत्ता में उनकी भी भागीदारी तय होगी।

दिल्ली में भी कांग्रेस की सरकार बनेगी- सी.पी. जोशी
वरिष्ठ नेता सी.पी. जोशी ने कहा कि राजस्थान का विधानसभा चुनाव देश की राजनीति की दिशा को तय करेगा। राजस्थान के बाद दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनेगी। नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ने प्रदेश का सत्यानाश ही किया है। प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डे ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। मोहन प्रकाश ने कहा कि आज देश गंभीर संकट में हैं।

20 सितंबर को डूंगरपुर आएंगे राहुल
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 20 सितंबर को उदयपुर संभाग के चुनावी दौरे पर आएंगे। राहुल गांधी की विधान सभा चुनाव को लेकर प्रदेश में यह दूसरी बड़ी सभा होगी। राहुल की सभा उदयपुर संभाग के डूंगरपुर जिले में प्रस्तावित है।

Published on:
12 Sept 2018 11:41 am