
Jaipur Kidnapping Case: राजधानी जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड पर मंगलवार रात 3 साल की मासूम बच्ची के अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई। आरोपी बच्ची को टॉफी दिलाने का झांसा देकर बस स्टैंड से अपने साथ ले गया लेकिन एक सतर्क ऑटो चालक की सूझबूझ से महज 10 मिनट के भीतर बच्ची सकुशल बरामद हो गई। आरोपी मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। घटना के बाद बस स्टैंड पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
सिंधी कैंप थाना प्रभारी वंदना नरूला ने बताया कि बच्ची का परिवार मूलतः बारां का निवासी है और अभी बगरू में रहता है। मंगलवार रात करीब 9:45 बजे बच्ची अपनी मां और नानी के साथ बारां जाने वाली बस में प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बैठी थी। तभी पास में बैठे एक व्यक्ति ने बातचीत कर परिवार का विश्वास जीता। कुछ देर बाद वह बच्ची को टॉफी दिलाने का बहाना बनाकर बस से नीचे ले गया और पैदल लेकर फरार हो गया। परिजनों को शुरुआत में लगा कि बच्ची आसपास ही होगी, लेकिन कुछ ही देर में उसके नहीं मिलने पर सभी घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
करीब 10 मिनट बाद बच्ची के नहीं मिलने पर मां ने शोर मचाया। सूचना मिलते ही जयपुर की सिंधी कैंप, बनीपार्क और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा बस स्टैंड और आसपास की गलियों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
इसी दौरान ऑटो चालक नवल ने पीतल फैक्ट्री के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को बच्ची के साथ देखा। शक होने पर उसने ऑटो रोककर उससे पूछताछ की। खुद को घिरता देख आरोपी बच्ची को वहीं छोड़कर भाग निकला। ऑटो चालक की सूचना पर पुलिस और बच्ची की मां मौके पर पहुंचीं, जहां बच्ची की पहचान कर उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और आसपास के इलाकों में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।