28 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Sri Ganganagar : पुलिस की कार ने 4 महिला पटवारियों को मारी टक्कर, 2 घिसटती चली गईं, एसपी बोले- SI चला रहा था वाहन

Sri Ganganagar : श्रीगंगानगर के गजसिंहपुर कस्बे में मंगलवार को एक SI की कार ने चार महिला पटवारियों को टक्कर मारी। हादसे में 2 की हालत गंभीर है। जिस एसआई की कार है उसकी 24 घंटे पहले ही पदोन्नति हुई थी।
3 min read
Google source verification
Sri Ganganagar Police officer car hits 4 women Patwaris 2 condition critical

Sri Ganganagar : टक्कर मार कर भागती कार। फोटो पत्रिका

Sri Ganganagar : श्रीगंगानगर के गजसिंहपुर कस्बे में मंगलवार को एक पुलिस अधिकारी की कार ने प्रशिक्षण पर आई चार महिला पटवारियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो महिला पटवारियां कार के साथ कुछ दूरी तक घिसटती चली गईं। हादसे में दो महिला पटवारियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद श्रीगंगानगर रेफर किया गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक ने तत्काल वाहन नहीं रोका। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक ने घायलों की मदद करने के बजाय रौब दिखाने का प्रयास किया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने चालक को मौके पर ही रोक लिया।

श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि दुर्घटना के समय कार कोतवाली में पद स्थापित एसआई सुभाष मीणा चला रहे थे। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच गजसिंहपुर पुलिस कर रही है। उन्होंने बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है। परिवाद मिलने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी तथा संबंधित एसआई के खिलाफ विभागीय जांच भी कराई जाएगी।

जानकारी के अनुसार, कस्बे में छह माह का पटवारी प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है। प्रशिक्षण के बाद चार महिला पटवारियां घूमने निकली थीं। गोल्डन पब्लिक स्कूल के पास सड़क किनारे पैदल चल रही महिला पटवारियों को पीछे से तेज गति से आई सफेद कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पुरानी आबादी निवासी सुनीता रानी और बीकानेर निवासी पूजा स्वामी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके साथ श्रीगंगानगर निवासी गरिमा तथा एक अन्य महिला पटवारी को भी चोटें आई हैं।

सुनीता रानी और पूजा स्वामी की स्थिति गंभीर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद दो महिलाएं कार के साथ कुछ दूरी तक घिसटती चली गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को संभालकर राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। पीटीएस प्रशिक्षु गुरनाम बराड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने सुनीता रानी और पूजा स्वामी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए श्रीगंगानगर रेफर कर दिया। इन घायलों को श्रीगंगानगर के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, इसमें एक की हालत ज्यादा नाजुक बनी हुई है।

स्टूडेंट्स ने पीछा कर कार रुकवाई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके से निकल रही कार का कुछ स्टूडेंट्स ने कैंपर वाहन की मदद से पीछा किया और उसे रुकवा लिया। इसके बाद मौके पर अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शी का आरोप है कि इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने लोगों से कहा कि "आपको क्या लेना है", जिसको लेकर वहां मौजूद लोगों में आक्रोश बढ़ गया।

बताया जा रहा है कि घटनाक्रम के दौरान कुछ लोगों ने कार के शीशे भी तोड़ दिए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।

24 घंटे पहले हुई थी एसआई पद पर पदोन्नति

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल कार श्रीगंगानगर कोतवाली में तैनात एसआई सुभाषचंद्र मीणा की है। बताया जा रहा है कि उनकी एएसआई से एसआई पद पर पदोन्नति घटना से करीब 24 घंटे पहले ही हुई थी। वे कथित रूप से किसी जांच के सिलसिले में गजसिंहपुर आए थे। लौटते समय उनकी कार गोल्डन पब्लिक स्कूल के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रही महिला पटवारियों से टकरा गई।

मामले की की जा रही है जांच - थाना प्रभारी शालू बिश्नोई

थाना प्रभारी शालू बिश्नोई ने बताया कि सड़क किनारे चल रही महिला पटवारियों को वाहन की टक्कर लगने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बड़ी खबरें

View All

श्री गंगानगर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग