28 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Bharatpur : भरतपुर रेलवे प्लेटफार्म-4 का एक हिस्सा ढहा, पलटने से बची मालगाड़ी

Bharatpur : भरतपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 का एक हिस्सा सोमवार रात करीब 10.45 बजे अचानक ढह गया। इस वजह से एक मालगाड़ी पलटने से बाल-बाल बच गई।
2 min read
Google source verification
Bharatpur railway platform 4 portion collapses freight train narrowly escapes overturning

Bharatpur : भरतपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 पर काम करते मजदूर। फोटो पत्रिका

Bharatpur News : भरतपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 का एक हिस्सा सोमवार रात करीब 10.45 बजे अचानक ढह गया। इस घटना की चपेट में आई एक मालगाड़ी पलटने से बाल-बाल बच गई। आधी रात पटरी से मलबा हटाकर मालगाड़ी रवाना करने के प्रयास किया जा रहे थे। स्टेशन स्टाफ ने बताया कि यह घटना मालगाड़ी के प्लेटफार्म नंबर-4 की लूप लाइन से निकलने के दौरान हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मलबे से मालगाड़ी इंजन खराब हो गया था। बाद में नया इंजन मांगकर मालगाड़ी को प्लेटफार्म-5 से रात करीब 2.30 बजे रवाना किया गया।

मालगाड़ी निकलने के दौरान ही प्लेटफार्म का 10 से 15 फुट का हिस्सा भरभरा कर अचानक गिर गया। भरतपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 4 का पूरा मलबा रेल पटरी और मालगाड़ी के नीचे आकर गिरा। पटरी पर मलबा गिरने से मालगाड़ी को जोरदार झटका लगा। अचानक लगे झटके से खतरे का अहसास होते ही लोको पायलट ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर मालगाड़ी को मौके पर ही खड़ा कर लिया।

सूचना पर अधिकारी, सुपरवाइजर, आरपीएफ और स्टेशन स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंच गया और मलबा हटाना शुरू किया। पर्याप्त जगह नहीं होने से हाथों से ही मलबा हटाया जा रहा था। इस घटना के चलते प्लेटफार्म नंबर चार जाम हो गया। इसके चलते हरिद्वार-बांद्रा देहरादून ट्रेन (19019) को प्लेटफार्म नंबर पांच से निकला गया।

रेलवे कर्मचारियों ने बताया- बड़ी घटना टली

रेलवे कर्मचारियों ने बताया कि इस हादसे के कारण बड़ी घटना टल गई। प्लेटफार्म ढहने से बड़ी मात्रा में पत्थर, ईंट, टाइल्स, कंक्रीट और गिट्टी- मिट्टी का मलबा पटरी पर गिरने से मालगाड़ी पलट भी सकती थी। चालक की सतर्कता से तुरंत खड़ी होने से मालगाड़ी पलटने से बच गई। अगर मालगाड़ी कुछ दूर और चलती तो मलबे के कारण पलट भी सकती थी। गनीमत रही की घटना के समय कोई सवारी गाड़ी नहीं थी। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

प्लेटफार्म के ढहने के कारणों का पता नहीं चला

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल प्लेटफार्म के अचानक ढहने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच कर रहे हैं। इस घटना के समय भरतपुर में बारिश भी हो रही थी। लंबे समय से मरम्मत नहीं होना भी प्लेटफार्म ढहने का एक कारण हो सकता है। कमजोर और खोखला प्लेटफार्म बारिश और मालगाड़ी की धमक से ढह गया।