
Bharatpur Crime : मृतक प्रहलाद। फाइल फोटो पत्रिका
Bharatpur Crime : भरतपुर में करीब 16 माह से लापता ठेकेदार प्रहलाद बैरवा हत्याकांड में पुलिस ने चौकाने वाला खुलासा किया है। आरोपियों ने मृतक प्रहलाद की ग्रेड-सी की संविदा पर नौकरी लगाने के नाम पर करीब 5 लाख रुपए लिए थे, जब नौकरी नहीं लगने पर उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपी धर्मेंद्र जाखड़ ने अपने साथी विनोद मीणा के साथ मिलकर प्रहलाद की गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को धौलपुर के जंगल में गाड़ दिया। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने इसका खुलासा किया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र कुमार यादव के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने पिछले 16 माह से लापता प्रहलाद बैरवा के अपहरण और हत्या के बहुचर्चित मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर धौलपुर के जंगल से मृतक के कंकाल, शर्ट और हत्या में प्रयुक्त क्लच वायर सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए है।
एसपी ने बताया कि 26 मार्च 2025 को भुसावर थाना क्षेत्र के नगला हरिहर निवासी प्रहलाद बैरवा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने राजेश गर्ग और धर्मेन्द्र उर्फ जितेन्द्र धाकड़ के खिलाफ वैर थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक तरीकों से लगातार जांच की, लेकिन लंबे समय तक कोई सफलता नहीं मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए 8 जुलाई को परिजनों के धरने के बाद नई एसआईटी गठित की गई।
जांच की जिम्मेदारी उप अधीक्षक नरेन्द्र कुमार को सौपी गई। एसआईटी ने पुराने रिकॉर्ड, संदिग्धों की गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच में धर्मेन्द्र उर्फ जितेन्द्र धाकड़ की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने अपने साथी विनोद कुमार मीणा के साथ मिलकर हत्या की साजिश का खुलासा कर दिया।
धर्मेन्द्र धाकड़ ने मई 2024 में प्रहलाद बैरवा से संविदा पर ग्रेड-सी की सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 2.70 लाख रुपए लिए थे। बाद में फर्जी ऑनलाइन परीक्षा और एसओजी की ओएमआर शीट जांच में नाम आने का डर दिखाकर करीब 1.25 लाख रुपए और वसूल लिए, जब नौकरी नहीं लगी तो प्रहलाद अपने पैसे वापस मांगने लगा। इससे बचने के लिए धर्मेन्द्र ने अपने साथी विनोद मीणा के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच डाली।
आरोपियों ने 26 मार्च 2025 को प्रहलाद को झांसे में लेकर धौलपुर जिले के आंगई थाना क्षेत्र स्थित मुण्डपुरा के जंगल में पहुंचाया। वहां शराब पिलाने के बाद मोटरसाइकिल के क्लच वायर से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और शव जंगल में फेंक दिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस, एफएसएल, डीएसटी और क्यूआरटी टीम ने जंगल में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान मृतक के कंकाल, घटना के समय पहनी गई जीर्ण-शीर्ण शर्ट, हत्या में प्रयुक्त क्लच वायर तथा शराब के खाली पव्वे और बीयर कैन बरामद किए गए। शर्ट पर लगे स्थानीय दर्जी के टंग के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान प्रहलाद बैरवा की शर्ट के रूप में की।
पुलिस ने मामले में धर्मेन्द्र उर्फ जितेन्द्र धाकड़ पुत्र निहाल सिंह निवासी सिरस थाना वैर तथा विनोद कुमार मीणा पुत्र प्रताप सिंह निवासी जगजीवनपुर सिरस थाना वैर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को 30 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर लिया है।
Updated on:
25 Jul 2026 07:16 am
Published on:
25 Jul 2026 07:15 am
