जयपुर

Rajasthan Paper Leak: परीक्षा से पहले पेपर प्राप्त कर बने लाइब्रेरियन का बड़ा खुलासा, बोला- कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर करवाए लीक

Rajasthan Paper Leak : कनिष्ठ अभियंता भर्ती परीक्षा-2020 पेपर लीक मामले में शुक्रवार को चूरू के श्योदानपुरा निवासी लाइब्रेरियन रमेश कुमार कालेर को एसओजी ने गिरफ्तार किया तो पता चला कि वह खुद परीक्षा से पूर्व पेपर प्राप्त कर लाइब्रेरियन बना है। यहां तक कि कई पेपर को परीक्षा से पहले ही अभ्यर्थियों को पढ़ाया है। आरोपी रमेश कुमार वर्तमान में भीलवाड़ा के नाडियावास सरकारी स्कूल में पदस्थ है।
less than 1 minute read
Feb 24, 2024
rajasthan_paper_leak.jpg

Paper Leak : राजस्थान में सरकार बदलते ही पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के कार्यकाल में आयोजित परीक्षाओं में हुए पेपर लीक की परतें लगातार खुलती जा रही है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने जब कनिष्ठ अभियंता भर्ती परीक्षा-2020 पेपर लीक मामले में शुक्रवार को चूरू के श्योदानपुरा निवासी लाइब्रेरियन रमेश कुमार कालेर को गिरफ्तार किया तो पता चला कि उसने कई पेपर को परीक्षा से पहले ही अभ्यर्थियों को पढ़ाया है।

बता दें कि आरोपी रमेश कुमार वर्तमान में भीलवाड़ा के नाडियावास सरकारी स्कूल में पदस्थ है। एडीजी वी.के. सिंह ने बताया कि इस मामले में हाल ही शिक्षक राजेन्द्र यादव, पटवारी हर्षवर्धन मीना व लाइब्रेरियन राजेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों से पूछताछ के बाद रमेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी रमेश ने पूछताछ में बताया कि उसने परीक्षा से पहले पेपर प्राप्त कर लिया था। वर्ष 2021 में उसकी नौकरी लग गई थी।



पूछताछ में उसने बताया कि महिला सुपरवाइजर भर्ती परीक्षा का पेपर पहले लेकर हरमाड़ा के लोहामंडी में चार पांच अभ्यर्थियों को पढ़ाया था। इसके बाद प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा का पेपर हरमाड़ा में अभ्यर्थियों को पढ़ाया, सीएचओ भर्ती परीक्षा का पेपर खातीपुरा में अभ्यर्थियों को पढ़ाया, पटवारी भर्ती परीक्षा का पेपर मुरलीपुरा में अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले पढ़ाया था। आरोपी को जेईएन भर्ती परीक्षा का पेपर परीक्षा से पहले प्राप्त कर अभ्यर्थियों को पढ़ाने के मामले में गिरफ्तार किया है।

Published on:
24 Feb 2024 11:18 am