8 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Goldy Brar: राजस्थान के कई मामलों में आया गोल्डी बराड़ का नाम, अब FBI की वांटेड सूची में शामिल, 47 लाख का इनाम

Goldy Brar Rajasthan Connection: राजस्थान के कई मामलों में नाम आने वाले गोल्डी बराड़ को एफबीआई ने वांटेड घोषित किया है। उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर 50 हजार अमरीकी डॉलर तक का इनाम रखा गया है।
3 min read
Google source verification
Goldy Brar Rajasthan Connection

गोल्डी बराड़। फाइल फोटो- पत्रिका

जयपुर। अमरीकी की संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को वांटेड घोषित करते हुए उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर 50,000 अमरीकी डॉलर (करीब 47 लाख रुपए) तक के इनाम की घोषणा की है। एफबीआई के अनुसार गोल्डी बराड़ कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह का उत्तर अमरीका में प्रमुख संचालक है। एजेंसी ने उसके खिलाफ चल रही कार्रवाई को 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' का हिस्सा बताया है। बता दें कि गोल्डी बराड़ का नाम राजस्थान में रंगदारी, धमकी और संगठित अपराध से जुड़े कई मामलों में भी सामने आ चुका है।

कई कारोबारियों को दे चुका है धमकियां

बता दें कि गोल्डी बराड़ के नाम से बदमाश कई बार इंटरनेशनल मोबाइल नंबर के जरिए राजस्थान के कारोबारियों को कॉल करके करोड़ों रुपए की फिरौती मांग चुके हैं। फिरौती नहीं देने पर जान से मारने की धमकियां देते हैं।

  • गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से विदेशी नंबरों से वाट्सअप कॉल कर कुछ गुर्गों ने झुंझुनूं के देवीजी मंदिर क्षेत्र निवासी और इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर काम करने वाले युवक से 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी थी। पीड़ित को 40 बार से ज्यादा वाट्सअप कॉल्स किए गए थे। कॉल करने वाले गुर्गों ने कहा था कि अकाउंट में पैसा जमा करो, नहीं तो तुम्हें अगवा कर लेंगे या गोली मार देंगे। कई कॉल्स के दौरान बदमाशों ने खुद को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का आदमी बताया था।
  • जयपुर के विद्याधर नगर इलाके में रहने वाले एक ज्वैलर्स को गोल्डी बराड़ के नाम से धमकी भरा कॉल आया था। बदमाशों ने उससे 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद ज्वैलर्स ने विद्याधर नगर थाने में मामला दर्ज कराया था।
  • इससे पूर्व सुखदेव सिंह गोगामेडी हत्याकांड मामले में एनआइए की ओर से विशेष अदालत में पेश किए गए आरोप पत्र में गोल्डी बराड़ का नाम भी शामिल किया गया था। इसमें सतविंदर सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ सहित अन्य पर भी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया था।
  • राजस्थान की लेडी डॉन रही अनुराधा चौधरी के साथ गोल्डी बराड़ का क्राइम कनेक्शन रहा है। दोनों मिलकर बड़े कारोबारियों से फिरौती वसूलने के लिए धमकियां देते रहे हैं। इससे पहले यूएपीए एक्ट के तहत गृह मंत्रालय ने गोल्डी को आतंकी करार दिया था। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या गोल्डी बराड़ ने ही कराई थी। इस बात का खुलासा खुद लॉरेंस बिश्नोई ने किया था। बता दें कि कुख्यात अपराधी सतविंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ का जन्म पंजाब के एक सामान्य परिवार में हुआ था।

कई हिंसक आपराधिक गतिविधियों में शामिल

वहीं दूसरी तरफ एफबीआई ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी बयान में कहा था कि एफबीआई सतिंदरजीत सिंह की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना के लिए 50,000 अमरीकी डॉलर तक का इनाम दे रही है। सतिंदरजीत सिंह पर लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह से जुड़े होने का आरोप है, जिसे 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' के तहत निशाना बनाया गया है। एफबीआई के अनुसार, यह समूह दक्षिणी कैलिफोर्निया समेत अमरीका और कनाडा में कथित तौर पर कई हिंसक आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।

यह वीडियो भी देखें

अमरीका में रहता है सतिंदरजीत सिंह

इनमें राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की हत्या, गोलीबारी, अपहरण, जबरन वसूली, मारपीट तथा मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी जैसे अपराध शामिल हैं। एजेंसी का दावा है कि सतिंदरजीत सिंह अमरीका में रहता है और उत्तर अमेरिका में इस समूह की गतिविधियों का कथित तौर पर नेतृत्व करता है। उसके संबंध कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो और फ्रेस्नो के अलावा कनाडा, भारत और मैक्सिको से बताए गए हैं।

एफबीआई की यह कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है, जब अमरीकी प्रशासन ने हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर 18 जून 2023 को कनाडा के सरे शहर में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था। अमरीकी अदालत में दाखिल सरकारी दस्तावेजों के अनुसार, दोनों पर विदेश और जेल से बैठकर हत्या की योजना बनाने तथा शूटरों को निर्देश देने का आरोप है।