जयपुर

IMD ALERT: राजस्थान में मौसम को लेकर बड़ी खबर, इन जिलों में आज बारिश को लेकर अलर्ट जारी

RAJASTHAN WEATHER: मौसम विभाग ने आज से 30 मार्च तक राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
2 min read
Mar 27, 2026
Feature image

जयपुर। प्रदेश में एक बार फिर कुदरत के मिजाज बिगड़ने वाले हैं। मौसम विभाग ने आज से 30 मार्च तक राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में दिखे बदलाव के बाद अब यह सिस्टम पूरे प्रदेश को अपनी चपेट में लेने वाला है। आज प्रदेश के 8 जिलों में मेघ गर्जन के साथ बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

28 मार्च से एक्टिव होगा स्ट्रॉन्ग सिस्टम

मौसम केंद्र के मुताबिक फिलहाल एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है, लेकिन असली चुनौती कल से शुरू होगी। शनिवार से एक 'स्ट्रॉन्ग वेदर सिस्टम' सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में देखने को मिलेगा। 28 से 30 मार्च के दौरान राजस्थान के कई इलाकों में मध्यम दर्जे की बारिश के साथ बड़े आकार के ओले गिर सकते हैं।

आज इन 8 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज चूरू, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर और दौसा में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में दोपहर बाद धूलभरी तेज हवाएं चलने और आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ बिजली कड़कने की आशंका है। विशेषज्ञों का कहना है कि अचानक चलने वाली इन हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।

किसानों के लिए 'वार्निंग'

सबसे ज्यादा चिंता किसानों को लेकर जताई गई है। खेतों में रबी की फसल (गेहूं, सरसों, चना) या तो कट चुकी है या कटने के कगार पर है। मौसम विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसान अपनी कटी हुई फसलों को खुले स्थान से हटाकर सुरक्षित स्थान या कवर्ड एरिया में शिफ्ट कर दें। खलिहानों में रखी फसल को तिरपाल से ढकने की सलाह दी गई है, क्योंकि बारिश और ओले पकी-पकाई मेहनत पर पानी फेर सकते हैं।

बीकानेर-गंगानगर में भीगा मौसम, कोटा सबसे गर्म

बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और फलोदी में कल मौसम ने करवट ली। तेज धूप के बाद दोपहर में अचानक धूलभरी हवाएं चलीं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि, कोटा, उदयपुर और जयपुर जैसे दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में मौसम साफ रहा। कल कोटा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 38.9 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा।

29 और 30 मार्च को जयपुर-जोधपुर में बदलेगा मिजाज

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस नए सिस्टम का सबसे ज्यादा असर 29 और 30 मार्च को दिखेगा। जयपुर, जोधपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग के जिलों में ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है। अचानक होने वाली इस बारिश से दिन के तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

Updated on:
27 Mar 2026 11:28 am
Published on:
27 Mar 2026 11:28 am