राजधानी जयपुर में रेजीडेंट डॉक्टरों की स्ट्राइक जारी है। हड़ताल का आज नौवां दिन है।
जयपुर। राजधानी जयपुर में रेजीडेंट डॉक्टरों की स्ट्राइक जारी है। हड़ताल का आज नौवां दिन है। माना जा रहा है कि आज हड़ताल खत्म हो सकती है। आज दोपहर में रेजीडेंट डॉक्टरों की एसएमएस मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ दीपक माहेश्वरी के साथ मीटिंग होगी। जिसके बाद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय रेजीडेंट्स ले सकते है।
जयपुर एसोसिएशन ऑफ रेजीडेंट्स डॉक्टर्स के अध्यक्ष डॉ मनोहर सियोल ने कहा कि हम हमारी मांगों को लेकर स्ट्राइक कर रहे है। आज दोपहर में हमारी प्रिंसिपल व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक होगी। संभावना जताई जा रही है कि इसमें हमारी मांगों को मान लिया जाएगा। जिसके बाद हम हड़ताल समाप्त कर सकते है। इसके तत्काल बाद सभी रेजीडेंट्स अपना काम संभाल लेंगे। डॉ सियोल ने कहा कि कोलकता में जो घटना हुई वह निंदनीय है और उसके आरोपियों को फांसी की सजा मिले इसकी हम मांग करते है। इसके साथ ही हम राज्य सरकार से भी राजस्थान में रेजीडेंट्स डॉक्टरों के सुरक्षा की मांग करते है।
बता दें कि रेजीडेंट डॉक्टरों की लगातार हड़ताल के कारण अस्पतालों के हालात बिगड़ गए। एसएमएस, जयपुरिया, जेके लोन, जनाना, सांगानेरी गेट, गणगौरी अस्पताल के हालात खराब हो गए। एक सप्ताह से ज्यादा का समय हो चुका है। हालात यह हो गए है कि एसएमएस मेडिकल कॉलेज से संबंधित अस्पतालों में इलाज व्यवस्था ठप्प हो चुकी है।
सीनियर डॉक्टरों से जितना संभव हो पा रहा है, उतना इलाज कर रहे है। इसके चलते न तो मरीजों को भर्ती किया जा रहा है और न ही ऑपरेशन किए जा रहे है। सिर्फ इमरजेंसी में होने वाले ऑपरेशन किए जा रहे है। सीरियस कंडीशन में ही मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। जिसके चलते हालात यह हो गए है कि अब एसएमएस, जयपुरिया व अन्य अस्पतालों में मरीज भी बहुत कम हो गए है। ओपीडी में मरीजों की संख्या घट गई है। मरीज मजबूर होकर अब निजी अस्पतालों में जाकर अपना इलाज करा रहे है।