राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) में नियमों में कुछ छूट दी गई है।
Big Update in RGHS: राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) में लगातार बदलते नियम पेंशनर्स के इलाज में बाधा बन रहे हैं। योजना के नियम बदलकर आरजीएचएस पोर्टल पर अपलोड कर दिए जाते हैं, जिससे पेंशनर्स और उनके परिवारजन असमंजस में पड़ जाते हैं। हाल ही नियमों में कुछ छूट दी गई है, लेकिन इसका लाभ भी सभी तक नहीं पहुंच पा रहा।
आरजीएचएस के तहत अब 75 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर्स और चलने-फिरने में असमर्थ लोगों को स्वयं आकर फोटो खिंचवाने की बाध्यता से छूट दी गई है। लेकिन 75 वर्ष से कम आयु वाले और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पेंशनर्स को यह छूट नहीं मिल रही।
बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त 73 वर्षीय पेंशनर शिवरतन को तीन दिनों से दवा नहीं मिल पाई। उनके बेटे ने बताया कि वर्ष 2011 से उन्हें यूरिन समस्या, घुटनों की खराबी और हृदय रोग से पीड़ित हैं। 15 दिन पहले तक उनकी दवाओं की पर्ची आसानी से कट जाती थी, लेकिन अब 75 वर्ष की बाध्यता का हवाला देकर पर्ची नहीं बनाई जा रही है। उनके पिता चल फिर नहीं सकते।
शिवरतन के बेटे के अनुसार, अस्पताल में यह जानकारी भी नहीं दी गई कि चिकित्सक की अनुशंसा पर उनके पिता को स्वयं आने की जरूरत नहीं होगी। ऐसे में पेंशनर्स और उनके परिवारजन के लिए दवा लेना मुश्किल होता जा रहा है।