
Rajasthan Nikay Chunav 2026 : पावटा (जयपुर)। निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच प्रागपुरा नगरपालिका के वार्ड नंबर 32 से भाजपा प्रत्याशी बुधराम गढ़वाल के लापता होने का मामला सामने आया है। वे 1 अगस्त की दोपहर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर उनके पुत्र राहुल चौधरी ने प्रागपुरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी है, लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी बुधराम गढ़वाल का कोई सुराग नहीं मिला है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में राहुल चौधरी ने बताया कि उनके पिता बुधराम गढ़वाल 1 अगस्त को दोपहर करीब 3.45 बजे घर से निकले थे। इसके बाद वे घर वापस नहीं आए। परिजनों ने पहले आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की और रिश्तेदारों व परिचितों से भी संपर्क किया, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली। परिजनों ने उनके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो वह बंद मिला। लगातार तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर पुत्र ने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
डीएसपी उमेश निठारवाल ने बताया कि भांकरी निवासी राहुल चौधरी की ओर से बुधराम गढ़वाल के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए टीम गठित की है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाने के साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा मोबाइल फोन समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी उनकी तलाश की जा रही है।
बुधराम गढ़वाल के लापता होने के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उनका पता नहीं चलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण भी उनकी सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं। पुलिस से जल्द कार्रवाई कर गढ़वाल को तलाशने की मांग की जा रही है। ग्रामीणों में पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी भी सामने आ रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शाम तक बुधराम गढ़वाल की बरामदगी नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन कर सकते हैं।
प्रागपुरा नगरपालिका के वार्ड नंबर 32 से भाजपा प्रत्याशी के निकाय चुनाव के बीच लापता होने की घटना से राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, बुधराम गढ़वाल के लापता होने के पीछे क्या कारण है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस फिलहाल उनकी तलाश और मामले की जांच में जुटी है।