
भवनेश गुप्ता / जयपुर। भाजपा शहर इकाइ ने अब सी—स्कीम में ही कार्यालय के लिए नई जगह लेनी पड़ी है, जिसका किराया करीब 40 हजार रुपए मासिक बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सभी जिला इकाइ का अलग से कार्यालय होने की नसीहत दी थी, लेकिन राजधानी जयपुर में ही इस आधार पर काम नहीं हुआ। शहर इकाइ के लिए बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने जेडीए में भूमि आवंटन के लिए आवंटन किया। इसके बाद जेडीए ने तीन जगह दिखाई भी, लेकिन शहर इकाई संगठन को पसंद नहीं आई। इसके बाद मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। बताया जा रहा है कि इस स्थिति से संगठन के पदाधिकारी भी नाराज हैं। पहले परिसर में ही दूसरी जगह देनी की चर्चा थी, लेकिन बाद में परिसर से बाहर ही कार्यालय संचालन करने के लिए कह दिया गया।
6 हजार वर्गमीटर जमीन मांगी थी, 2 जगह दिखार्इ् लेकिन पसंद नहीं आई...
जयपुर शहर में 6 हजार वर्गमीटर जमीन आवंटन के लिए आवेदन किया गया। जेडीए ने पार्टी को शहर में 2 जगह जमीन बताई। एक कालवाड़ रोड पर और दूसरी झालाना—मालवीय नगर के बीच। हालांकि, दोनों ही जगह जमीन पसंद नहीं आई। पार्टी ने भाजपा मुख्यालय से 5—6 किलोमीटर परिधि क्षेत्र में जमीन चाही है, जिसे उसका वास्तविक उपयोग हो सके।
दस्तावेजों की पूर्ति नहीं, इसलिए ठंडे बस्ते में..
इस बीच जेडीए ने अधिकृत प्रतिनिधि को पत्र लिखकर जमीन आवंटन के लिए जरूरी दस्तावेज मांगे, जिससे प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके लेकिन अभी तक उनकी पूर्ति नहीं की गई। इसके बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया। आवेदन में प्रार्थी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का नाम है, जबकि उनके द्वरा अधिकृत जयंत पटवर्धन को किया गया।
—चुनाव का समय है इसलिए भाजपा प्रदेश संगठन को ज्यादा जगह चाहिए। इसीलिए शहर कार्यालय दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। पहले जेडीए से जमीन मांगी थी लेकिन पसंद नहीं आई थी। अब चुनाव के बाद जमीन आवंटित की प्रक्रिया दोबारा शुरू करेंगे।
—संजय जैन, अध्यक्ष, जयपुर शहर भाजपा