विधानसभा चुनाव 2023 की तैयारियां भाजपा ने शुरू कर दी है। इसके लिए अभी विभिन्न समाजों को साधने का काम शुरू हो गया है। इसी कड़ी में सोमवार को भाजपा मुख्यालय पर भगवान मीनेश की महाआरती का आयोजन कर भाजपा ने मीणा समाज को साधने की कोशिश की है।
जयपुर।

बीजेपी एसटी मोर्चा की और से आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां और संगठन महमांत्री चंद्रशेखर ने एसटी मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पूनियां ने कहा कि कांग्रेस धर्म और जातियों में देश को बांटने में लगी हुई है। सत्ता से बाहर रहने की हताशा में कांग्रेस वोट बैंक का उल्लू सीधा करने के लिए इस प्रकार के मसले लेकर आती है।
वहीं बीजेपी एसटी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र मीणा ने कहा कि मीणा समाज भगवान विष्णु भगवान के पहले अवतार मत्सय भगवान के वंशज है। लेकिन कुछ बेईमान नेता राजनीतिक स्वार्थ के लिए मीणा समाज को हिंदू धर्म से अलग बताते है। लेकिन उनकी यह कोशिश कामयाब नहीं होने देंगे। बीजेपी एसटी मोर्चा आगामी दिनों में देव दर्शन यात्रा भी निकालेगा। इससे पहले भाजपा मुख्यालय लोकरंगों से सरोबार नजर आया। एसटी मोर्चा की ओर ये यहां आदिवासी गीतों के साथ नृत्य व मीनेश भगवान की सामूहिक आरती का आयोजन किया गया। पूरा कार्यालय परिस मीणावटी गीतों से गूंजता नजर आया।