
जयपुर।
मोदी सरकार के आत्मनिर्भर भारत अभियान और इसके तहत 20 लाख करोड़ के विशाल पैकेज को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री वी. सतीश, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां, प्रदेश के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रकोष्ठ से जुड़े हुए कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया, जिसमें आत्मनिर्भर भारत अभियान की सम्पूर्ण जानकारी प्रदेश के प्रत्येक कार्यकर्ता तक पहुंचे इस पर चर्चा की गई।
पूनियां ने कहा कि ऐतिहासिक दृष्टि से राजस्थान बहुत महत्वपूर्ण प्रदेश है, यहां के प्रत्येक शहर में आत्मनिर्भर बनने की पूरी संभावना है। बस, हम सबको आत्मनिर्भर बनने का जज्बा पैदा करना है। लोकल को अधिक मुखरता से जन-जन तक प्रचारित करना है। आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत 20 लाख करोड़ के पैकेज की जो घोषणा की गई, वह देश को कोरोना महामारी से पैदा हुई विषम परिस्थितियों से उबारने में बड़ी मदद करेगा, इस पैकेज से राजस्थान के भी करोड़ों लोग लाभान्वित हुए हैं, आगे भी लोगों को संबल मिलता रहेगा। इस दौरान सांसद जसकौर मीणा, नारायण पंचारिया, पार्टी के कई विधायकों, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी विमल कटियार, प्रदेश भाजपा मीडिया संपर्क प्रमुख आनंद शर्मा, सह प्रमुख नीरज जैन, प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज, सहित पार्टी के कई नेताओं के साथ संवाद किया।
अधिकारियों के साथ बैठक
पूनियां ने कोरोना महामारी के दृष्टिगत सोमवार को आमेर विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान स्थिति को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में सभी अधिकारियों को लोगों की भोजन, पानी एवं बिजली जैसी दैनिक मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए निर्देशित किया। पूनियां को निवास पर भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी ने मास्क, सैनेटाइजर इत्यादि सामान युक्त स्वदेशी किट के साथ विनायक दामोदर सावरकर द्वारा रचित 'विनायक दामोदर सावरकर 1857 का स्वातंत्र्य समर' पुस्तक भेंट की। देवनानी ने बताया कि इस तरह के स्वदेशी किट वो अपने विधानसभा क्षेत्र में आमजन को वितरित करवा रहे हैं।