
लवाण. मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) रामफूल मीणा ने बुधवार को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बीगावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में विद्यालय का नामांकन महज 39 विद्यार्थी मिला, जबकि गत वर्ष यह संख्या 45 थी। शिक्षा विभाग द्वारा इस वर्ष 10 प्रतिशत नामांकन वृद्धि का लक्ष्य दिए जाने के बावजूद घटते नामांकन पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए स्टाफ को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। शौचालय जर्जर अवस्था में मिला, जबकि बारिश में कक्षा-कक्षों की छत से पानी टपकने की समस्या सामने आई। सीबीईओ ने नए शौचालय निर्माण और छत की मरम्मत के लिए तकमीना तैयार कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
विद्यालय में हैंडपंप का पानी पीने योग्य नहीं होने से विद्यार्थी घर से पानी लाने को मजबूर हैं। वहीं परिसर में लगा आरओ प्लांट लंबे समय से खराब पड़ा है। इस पर उन्होंने संबंधित विभाग से समन्वय कर आरओ प्लांट शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
फोटो कैप्शन: लवाण के बीगावास स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करते सीबीईओ।